नई दिल्ली: एसआईआर (SIR) और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन तेज करने का फैसला किया है। सोमवार को दिल्ली के इंदिरा भवन में कांग्रेस के महासचिवों, राज्य प्रभारियों, प्रदेश अध्यक्षों और फ्रंटल संगठनों के प्रमुखों की अहम बैठक हुई। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल मौजूद रहे।
‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ होगा कांग्रेस का नारा
बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कथित ‘वोट चोरी’ के खिलाफ देशभर में आक्रामक और लगातार अभियान चलाने के निर्देश दिए। केसी वेणुगोपाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि कांग्रेस ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ के नारे के साथ बड़ा अभियान शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन में इंडिया ब्लॉक के सहयोगी दलों को भी शामिल किया जाएगा।
वेणुगोपाल ने चुनाव आयोग और CEC ज्ञानेश कुमार पर देश को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस यह सुनिश्चित करेगी कि CEC अपनी कुर्सी छोड़ें या उन्हें पद से हटाया जाए।
10 से 20 अक्टूबर तक बाइक और साइकिल रैली
कांग्रेस के अभियान के दूसरे चरण के तहत 10 से 20 अक्टूबर तक ब्लॉक स्तर पर बाइक रैली, पदयात्रा और साइकिल रैली आयोजित की जाएगी। इस दौरान पर्चे बांटे जाएंगे और CEC ज्ञानेश कुमार के पुतले भी जलाए जाएंगे।
6 अक्टूबर को संसद से चुनाव आयोग तक मार्च
अभियान के तहत 6 अक्टूबर को संसद मार्ग से चुनाव आयोग तक घेराव किया जाएगा। कांग्रेस ने इसे शांतिपूर्ण प्रदर्शन बताया है। वेणुगोपाल ने कहा कि पुलिस को प्रदर्शनकारियों को रोकना नहीं चाहिए।
गांव-गांव चलेगा ‘वोट रक्षक’ अभियान
कांग्रेस का तीसरा चरण 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक चलेगा। गांवों में ‘वोट रक्षक’ के नाम से चौपाल आयोजित की जाएंगी। वहीं, 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में बड़ी रैली होगी। संविधान दिवस, 26 नवंबर को भी कांग्रेस ने विशेष कार्यक्रम की घोषणा की है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

