वीडियो वायरल होने के बाद गांव में विरोध का दावा, एसपी को आवेदन देकर परिवार की सुरक्षा और पुलिस बल उपलब्ध कराने की मांग
जामताड़ा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष मौलाना अब्दुल रकीब रहमानी ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर जामताड़ा पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपते हुए पुलिस संरक्षण की मांग की है। उनका आरोप है कि भाजपा की जनसभा में “जय श्रीराम” और “वंदे मातरम्” के नारे लगाने के बाद उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके चलते उनके गांव नावाडीह में तनाव का माहौल बन गया।
वीडियो वायरल होने से लोग नाराज
एसपी को दिए आवेदन में मौलाना रहमानी ने बताया कि समाहरणालय के समीप आयोजित भाजपा कार्यक्रम में नारे लगाने के बाद वीडियो वायरल होने से गांव के कुछ लोग नाराज हो गए। उनके अनुसार, इसके बाद गांव में उनका पुतला जलाया गया और बड़ी संख्या में लोग उनके घर पहुंचकर विरोध करने लगे।
उन्होंने बताया कि घटना के समय वह घर पर मौजूद नहीं थे, जबकि उनके परिवार के सदस्य घर में थे। परिजनों ने फोन कर गांव की स्थिति से अवगत कराया और सुरक्षा को लेकर चिंता जताई।
मौलाना रहमानी ने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि उनके पिता का हाल ही में धनबाद में ऑपरेशन हुआ है और वह स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं। ऐसे में पूरा परिवार भय और तनाव के माहौल में रह रहा है।

गांव जाने पर अप्रिय घटना की आशंका
उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के एक व्यक्ति ने फोन कर उन्हें अगले दिन सुबह नौ बजे गांव की बैठक में हर हाल में उपस्थित होने तथा वायरल वीडियो को लेकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने के लिए कहा। उनका कहना है कि मौजूदा परिस्थितियों में बिना पुलिस सुरक्षा के गांव जाने पर किसी अप्रिय घटना की आशंका है।
मौलाना रहमानी ने पुलिस अधीक्षक से स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही गांव जाने की स्थिति में पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। फिलहाल पुलिस को आवेदन सौंप दिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की प्रतीक्षा की जा रही है।


