पीयूष जायसवाल, उज्जैन। जिले के नागदा में तिलक लगाने को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। एक कार शोरूम में काम करने वाले मैकेनिक ने अपने सहकर्मी पर माथे पर तिलक नहीं लगाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया, जिसके बाद हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन भी देखने को मिला।
30 अप्रैल महाकाल भस्म आरती: मस्तक पर रजत चंद्र भांग चंदन और रुद्राक्ष की माला अर्पित,
शोरूम के एक मैकेनिक ने गाली गलौज की
दरअसल नागदा के उज्जैन-जावरा स्टेट हाईवे-17 स्थित मारुति सुजुकी शोरूम में काम करने वाले एक मैकेनिक ने आरोप लगाया है कि उसके सहकर्मी ने तिलक लगाकर काम पर आने से उसे रोका, गाली-गलौज की और धमकी दी। वही पीड़ित का कहना है कि वह रोजाना माथे पर तिलक लगाकर काम पर पहुंचता था, लेकिन इसी बात को लेकर उसका सहकर्मी पिछले तीन महीनों से आपत्ति जता रहा था और लगातार परेशान कर रहा था।पीड़ित के मुताबिक, आरोपी ने बेल्ट से मारने और जान से मारने की धमकी भी दी। हाल ही में जब वह तिलक लगाकर शोरूम पहुंचा, तो आरोपी ने फिर उसे टोका और विवाद बढ़ गया।
हिंदू संगठन ने नारेबाजी कर विरोध जताया
घटना की जानकारी मिलते ही विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और शोरूम पर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। हंगामे की सूचना मिलते ही मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। नागदा थाना प्रभारी अमृतलाल गवरी ने बताया कि शोरूम में विवाद की सूचना पर मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। पीड़ित के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।

