अयोध्या. श्रीराम मंदिर में चढ़ावे को लेकर उठे विवाद के बीच श्रीराम जन्मभूमि के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के उत्तराधिकारी महंत कमल नयन दास ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने जांच करने वालों पर सवाल खड़े किए हैं. उनका कहना है कि यदि कोई गड़बड़ी हुई है तो उसकी जांच होनी चाहिए.
महंत ने कहा, “आज स्थिति ऐसी है कि सब एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं. जो जांच कर रहे हैं, उनकी ईमानदारी पर भी सवाल हैं. ऐसे में निष्पक्ष जांच कैसे होगी? अंततः भगवान ही सब देख रहे हैं और वही न्याय करेंगे. उन्होंने आगे कहा कि आज जो लोग राम मंदिर और ट्रस्ट पर सवाल उठा रहे हैं, उन्हें भी अपने आचरण का आत्ममंथन करना चाहिए. “जो लोग आज दूसरों पर उंगली उठा रहे हैं, क्या उन्होंने अपने जीवन में कभी कोई गलती नहीं की? जो कभी साइकिल पर चलते थे, वे आज बड़ी-बड़ी गाड़ियों में घूम रहे हैं और आलीशान भवनों में रह रहे हैं. आखिर यह सब कैसे हुआ, इसका जवाब भी समाज को मिलना चाहिए”.
इसे भी पढ़ें : चढ़ावे में चोरी करने वालों को कौन बचा रहा है? अखिलेश यादव का BJP सरकार पर हमला, सवाल खड़ा करते हुए पूछे तीखे सवाल
बता दें कि पिछले दिनों सपा मुखिया अखिलेश यादव ने बड़ा आरोप लगाते हुए सरकार पर गंभीर सवालिया निशान लगाया था. अखिलेश ने राम मंदिर के चढ़ावे की करोड़ों की रकम गायब होने का दावा किया था. अखिलेश यादव ने राम मंदिर ट्रस्ट और सरकार पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा था कि यह मामला दुनिया भर के रामभक्तों की आस्था से जुड़ा है और न्यायालय को इसका स्वतः संज्ञान लेना चाहिए. अखिलेश ने कहा कि मंदिर ट्रस्ट की चुप्पी शर्मनाक है और सरकार की चुप्पी संदिग्ध है.

