हेमंत शर्मा, इंदौर। नगर निगम प्रशासन ने बड़े बकायादारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए खालसा कॉलेज परिसर की 100 से अधिक दुकानों को सील कर दिया है। बताया जा रहा है कि कॉलेज प्रबंधन पर करीब 1 करोड़ 63 लाख रुपये का संपत्ति कर लंबे समय से बकाया था, जिसके चलते यह कदम उठाया गया।
प्रिंसिपल ऑफिस को भी सील किया गया था
दरअसल इंदौर नगर निगम ने इससे पहले भी कॉलेज प्रबंधन को कई बार कर भुगतान के लिए नोटिस जारी किए थे। 25 फरवरी को निगम द्वारा कॉलेज परिसर स्थित प्रिंसिपल ऑफिस को भी सील किया गया था। इसके बावजूद बकाया कर जमा नहीं किए जाने पर निगम की टीम ने आज सख्त कार्रवाई करते हुए कॉलेज परिसर की 100 से अधिक दुकानों को सीलबंद कर दिया।
वसूली तक कार्रवाई जारी रहेगी
कार्रवाई के दौरान निगम अमला और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि बकाया कर की वसूली तक कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं इस कार्रवाई से कॉलेज प्रबंधन और दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति बन गई है। जानकारी अखिलेश मालवीय, सहायक राजस्व अधिकारी ने दी।


