शशिकांत डिक्सेना, कटघोरा। कोरबा जिले की कटघोरा नगर पालिका परिषद में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में निर्मित ‘अटल परिसर’ और वहां स्थापित प्रतिमा में धांधली को लेकर विवाद गहरा गया है। ब्रॉन्ज (कांस्य) की जगह सीमेंट की प्रतिमा लगाए जाने और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर पूर्व सीएम भूपेश बघेल, पीसीसी चीफ दीपक बैज और विधायक देवेंद्र यादव ने सरकार को घेरा है। इसके साथ ही युवा कांग्रेस ने भी मोर्चा खोल दिया है। युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विकास सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ता मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) को हटाने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं।

​ब्रॉन्ज की जगह सीमेंट की मूर्ति लगाने का आरोप, बारिश में खुला राज

छत्तीसगढ़ शासन द्वारा अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति को सहेजने के लिए निकायों में अटल परिसर निर्माण योजना शुरू की गई थी। निर्धारित मापदंडों के अनुसार कटघोरा में भी ब्रॉन्ज (कांस्य) की प्रतिमा स्थापित की जानी थी। हालांकि, हाल ही में हुई बारिश के बाद प्रतिमा से पेंट उखड़ने लगा, जिससे सीमेंट और अन्य घटिया सामग्री की पोल खुल गई।

स्थानीय निवासियों और जनप्रतिनिधियों की शिकायत के बाद जब क्षेत्रीय अधिकारी मौके पर निरीक्षण करने पहुंचे, तो उन्होंने निर्माण कार्य में भारी अनियमितताएं स्वीकार कीं और जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया।

अटल जी की आत्मा यह सब देखकर बहुत दुखी होगी – भूपेश बघेल

भूपेश बघेल ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा, “लीजिए! अब ये भी देख लीजिए। प्रभु श्री राम के नाम पर चंदा और चढ़ावा चोरी करने वाले अब अपने नेताओं को भी नहीं छोड़ रहे। छत्तीसगढ़ में स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा के निर्माण में भी घोटाला कर लिया. ताँबे के भीतर सीमेंट भर दिया. ताँबा भी असली है या नहीं, यह भी जांच का विषय है। इस प्रतिमा के निर्माण कार्य का ठेकेदार भी भाजपा नेता ही है. वह भाजयुमो का मंडल अध्यक्ष है। स्व. अटल जी की आत्मा यह सब देखकर बहुत दुखी होगी।

अटल जी को अपना आदर्श बताया, अब उनकी प्रतिमा में घोटाले का आरोप – दीपक बैज

पीसीसी चीफ दीपक बैज का पोस्ट “किसी के सगे नहीं हैं ये सत्ता के सौदागर! भगवान राम के नाम पर वोट मांगे, फिर राम मंदिर में चंदा चोरी। गौमाता के नाम पर राजनीति की और बीफ कंपनियों से चंदा। अटल जी को अपना आदर्श बताया और अब उनकी प्रतिमा में घोटाले के आरोपों ने उनकी नैतिकता पर सवाल खड़े कर दिए।”

फंड आया कांस्य प्रतिमा का और मूर्ति बना दी सीमेंट की – देवेंद्र यादव

वहीं विधायक देवेंद्र यादव ने अपने पोस्ट पर लिखा, “ब्रॉन्ज की जगह ब्रॉन्ज कलर मार दिया सांय-सांय। कहावत है डायन भी सात घर छोड़कर वार करती है, इन पिशाचों ने अपने पितृ पुरुष श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी को भी नहीं छोड़ा। फंड आया कांस्य प्रतिमा (Bronze Metal) का और मूर्ति बना दी सीमेंट की। डबल इंजन लगाकर छत्तीसगढ़ भाजपा सरकार डबल नाम कमा रही है।”

जब तक मांग पूरी नहीं होगी, जारी रहेगा धरना: विकास सिंह

मामले में युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विकास सिंह के नेतृत्व में उग्र प्रदर्शन शुरू हो गया है। धरने पर बैठे विकास सिंह ने स्पष्ट कहा कि “अटल परिसर के नाम पर भारी कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार हुआ है। जब तक भ्रष्टाचारी CMO को पद से हटाया नहीं जाता और इस पूरे फर्जीवाड़े के दोषियों पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई नहीं होती, तब तक युवा कांग्रेस का यह धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।”

​फिलहाल, प्रशासनिक अधिकारियों की जांच जारी है, वहीं युवा कांग्रेस के धरने से कटघोरा नगर पालिका प्रशासन पर दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H