कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़: हरियाणा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने अंबाला में डॉ. भीमराव अंबेडकर आवास नवीनीकरण योजना में सामने आए कथित 17 करोड़ रुपये के घोटाले को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर चलाई जा रही योजना में भी भ्रष्टाचार हुआ और दलितों तथा पिछड़े वर्ग के लोगों के अधिकारों पर डाका डाला गया।

सुरजेवाला ने मीडिया में प्रकाशित खबर और एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की जांच का हवाला देते हुए कहा कि वर्ष 2018-19 से 2021-22 के बीच अंबाला जिले में योजना के तहत करोड़ों रुपये वितरित किए गए। जांच के दौरान रैंडम तरीके से परखे गए 59 मामलों में से 55 लाभार्थी कथित तौर पर अपात्र पाए गए, जिससे योजना के क्रियान्वयन पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि गरीब परिवारों को मकान मरम्मत के लिए मिलने वाली 80 हजार रुपये की सहायता राशि में से करीब 40 हजार रुपये तक दलालों द्वारा कमीशन के रूप में वसूले गए। उन्होंने यह भी दावा किया कि कई मामलों में बिना भौतिक सत्यापन किए ही फाइलें मंजूर कर दी गईं और नियमों को दरकिनार करते हुए एक ही परिवार के कई सदस्यों को योजना का लाभ दे दिया गया।

सुरजेवाला ने कहा, “जो सरकार बाबा साहेब अंबेडकर के नाम पर चल रही योजना में भी दलितों और पिछड़े वर्ग का हक मार जाए, वह ‘सबका साथ, सबका विकास’ नहीं बल्कि ‘भ्रष्टाचारियों का विकास’ कर रही है। अगर एक जिले में यह स्थिति है तो पूरे प्रदेश में क्या हाल होगा?”

उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि गरीबों के अधिकारों से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाना चाहिए।

हालांकि, इन आरोपों पर भाजपा सरकार या संबंधित विभाग की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, एंटी करप्शन ब्यूरो इस मामले में पहले ही कुछ तत्कालीन अधिकारियों और एजेंटों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m