आरिफ शेख, श्योपुर। महादेव मंदिर की जमीन से जुड़े विवाद को सुलझाने के लिए आयोजित की गई बैठक में जमकर हंगामा हो गया। बैठक में नगर पालिका पार्षद के साथ कथित मारपीट भी की गई। जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पार्षद ने मारपीट की शिकायत कोतवाली थाना पुलिस से की। जिस पर पुलिस ने एससी-एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ऐतिहासिक मंदिर की जमीन से जुड़ा है विवाद
दरअसल श्योपुर शहर के बीजेपी कार्यालय में मंगलवार को वार्ड-14 स्थित महादेव मंदिर की जमीन से जुड़े विवाद के समाधान के लिए बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में बीजेपी जिला अध्यक्ष शशांक भूषण, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य महावीर सिंह सिसोदिया, सांसद प्रतिनिधि, नगर पालिका अध्यक्ष के पति सुजीत गर्ग सहित वार्ड के महिला-पुरुष और युवा मौजूद थे। इसी दौरान दस्तावेजों को लेकर विवाद बढ़ गया और बैठक हंगामे में बदल गई।
पार्षद का आरोप- ‘मेरे साथ की गई मारपीट’
फरियादी पार्षद जुगल किशोर मेहरा का आरोप है कि उन्होंने शक्तिदल कार्यकर्ता श्याम मीणा द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों पर आपत्ति जताई, जिसके बाद उनके साथ जातिसूचक गालियां दी गईं, मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कथित मारपीट के बाद बीजेपी पदाधिकारी बीच-बचाव करते और संबंधित लोगों को कार्यालय से बाहर निकालते दिखाई दे रहे हैं।
वर्षों पुराने महादेव मंदिर पर कब्जा का आरोप
स्थानीय लोगों का कहना है कि वार्ड-14 स्थित वर्षों पुराने महादेव मंदिर की जमीन पर कुछ लोग कब्जा करना चाहते हैं, जबकि क्षेत्रवासी वहां निर्माण कराना चाहते हैं। उनका आरोप है कि इस संबंध में पहले भी पुलिस, नगर पालिका और कलेक्टर को शिकायत दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
SC-ST एक्ट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज
घटना के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने पार्षद जुगल किशोर मेहरा की शिकायत पर मारपीट, एससी-एसटी एक्ट और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

