संदीप शर्मा, विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा में प्यार की कहानी का दर्दनाक अंत होते-होते बच गया। अलग-अलग जाति के प्रेमी युगल ने मौत को गले लगाने की कोशिश कर डाली। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रंगई इलाके में युवक-युवती ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। दोनों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है जहां युवक की हालत नाजुक बनी हुई है।
जाति बनी बाधा तो प्रेमी जोड़े ने की सुसाइड की कोशिश
मामला करारिया थाना क्षेत्र के ग्राम नीमखेड़ा का है जहां 25 वर्षीय युवक और 20 वर्षीय युवती लंबे समय से प्रेम संबंध में थे। लेकिन अलग-अलग जाति होने और शादी को लेकर परिवार की असहमति दोनों के रिश्ते के बीच बड़ी दीवार बन गई।
बस से प्रेमी के पास पहुंची युवती
बताया जा रहा है कि युवती भोपाल से बस के जरिए विदिशा पहुंची और सिविल लाइन के रंगई इलाके में युवक से मिली। मुलाकात के बाद दोनों ने एक साथ जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। कुछ देर बाद तबीयत बिगड़ने पर आसपास के लोगों ने दोनों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। मेडिकल कॉलेज में दोनों का इलाज जारी है।
युवक की हालत गंभीर
युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं युवती ने पुलिस को दिए बयान में प्रेम प्रसंग की बात स्वीकार की है। एएसपी प्रशांत चौबे का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला प्रेम संबंध और शादी को लेकर तनाव से जुड़ा सामने आया है। फिलहाल पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

