कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के गांडकीदा गांव की घटना, सिर पर वार कर की गई हत्या; पुलिस सभी पहलुओं पर कर रही जांच
चाईबासा। झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र में दंपती की धारदार हथियार से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतकों की पहचान गांडकीदा गांव के बिश्रामपुर टोला निवासी डोंका सिंकु (44) और उनकी पत्नी गोरवारी सिंकु (42) के रूप में हुई है। दोनों की सिर पर धारदार हथियार से वार कर हत्या की गई है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
नाले के करीब मिला शव
जानकारी के अनुसार, वारदात गुरुवार शाम की बताई जा रही है, लेकिन इसका खुलासा शुक्रवार सुबह हुआ। ग्रामीण जब शौच के लिए सरकारी तालाब के पास पहुंचे तो उन्होंने तालाब के नाले में करीब 20 फीट की दूरी पर पति-पत्नी के शव पड़े देखे। इसके बाद ग्रामीणों ने गांव के मुंडा कमल किशोर हेम्ब्रम को सूचना दी, जिन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
विभिन्न पहलुओं पर पुलिस कर रही जाँच
सूचना मिलते ही कुमारडुंगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी। घटनास्थल पर इंस्पेक्टर और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रफायल मुर्मू भी पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
पुलिस हत्या के कारणों, आरोपियों की पहचान और वारदात के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। इस दोहरे हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है।


