शब्बीर अहमद, भोपाल। राजधानी के ऐशबाग थाना क्षेत्र स्थित सुदामा नगर की आंबेडकर कॉलोनी में बुजुर्ग दंपती हेमंत फिलेमोन और उनकी पत्नी शकुंतला बारीक की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस जांच लगातार आगे बढ़ रही है।शुरुआती जांच में पुलिस का फोकस प्रॉपर्टी विवाद और सुपारी किलिंग के एंगल पर है। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच को गति दी जा रही है।

भाई, समधी और बेटे से करीब 12 घंटे पूछताछ

पुलिस ने जांच के दौरान शकुंतला बारीक के भाई विनोद बारीक, समधी मोरिस सोलोमन और उनके बेटे से करीब 12 घंटे तक पूछताछ की। तीनों के मोबाइल फोन जब्त कर कॉल डिटेल और डिजिटल डेटा की जांच की गई। पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया लेकिन पुलिस ने अभी किसी को क्लीन चिट नहीं दी है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में दो संदिग्ध युवक रेनकोट और ग्लव्स पहने दिखाई दिए हैं। एक शराब दुकान की फुटेज में संदिग्ध हुलिए का युवक ऑनलाइन भुगतान कर शराब खरीदते नजर आया। इसी डिजिटल ट्रांजेक्शन के आधार पर पुलिस ने एक संदिग्ध की पहचान की है और उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

बाहरी शूटर्स ने वारदात को अंजाम दिया

मामले की जांच के लिए एडिशनल डीसीपी रश्मि अग्रवाल के नेतृत्व में 12 सदस्यीय एसआईटी गठित की गई है। एडिशनल पुलिस कमिश्नर शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि जांच में कई अहम सुराग मिले हैं और पुलिस को जल्द मामले का खुलासा होने की उम्मीद है। उनका कहना है मृतकों के मोबाइल फोन भी मिले है जिनका डाटा रिकवर हम कर रहे हैं। संभवतः बाहर के शूटर्स ने आकर इस वारदात को अंजाम दिया है। जिसकी जांच की जा रही है।हालांकि पुलिस इस बात की अभी तक पुष्टि नहीं कर पाई है। इस वारदात को कितने लोगों ने अंजाम दिया है।

शैलेंद्र सिंह चौहान, एडिशनल पुलिस कमिश्नर

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m