उमेश यादव, सागर। एमपी के सागर के जिला न्यायालय परिसर के पास गुरुवार को एक नवदंपती के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती के परिजनों और उनके परिचितों ने पति-पत्नी के साथ मारपीट की। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, घायल रंजीत, निवासी सुभाष नगर, दिल्ली में मजदूरी करता है। रंजीत ने बताया कि करीब सात महीने पहले उसने दिल्ली में अपने ही पड़ोस में रहने वाली सागर की एक युवती से कोर्ट मैरिज की थी। शादी के बाद दोनों दिल्ली में साथ रह रहे थे।
बुधवार को दोनों सागर पहुंचे। रंजीत का आरोप है कि युवती के परिजनों ने कागजी कार्रवाई कराने के बहाने उन्हें जिला न्यायालय बुलाया। गुरुवार को जब वे कचहरी पहुंचे तो किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जिसके बाद युवती के परिजनों और उनके परिचितों ने दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट से बचने के लिए पति-पत्नी किसी तरह वहां से निकले और सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की शिकायत की। मामले की जानकारी मिलते ही एडिशनल एसपी नरेंद्र सोलंकी ने तत्काल संज्ञान लिया और संबंधित थाना पुलिस को मौके पर भेजा। घायल रंजीत को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


