० DGP नवदीप सिंह विर्क के निर्देश पर पूरे प्रदेश में एक साथ कार्रवाई; 1 लाख से अधिक बकाया वाले मामलों पर रहेगा विशेष फोकस

चंडीगढ़। हरियाणा में बिजली चोरी के मामलों पर शिकंजा कसते हुए राज्य प्रवर्तन ब्यूरो (State Enforcement Bureau) ने बकाया जुर्माना वसूलने के लिए 45 दिनों का विशेष अभियान शुरू किया है। पूरे प्रदेश में एक साथ चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य बिजली चोरी के मामलों में लंबित 56 करोड़ रुपये के जुर्माने की वसूली करना है।

इस अभियान की निगरानी पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नवदीप सिंह विर्क के नेतृत्व में की जा रही है। उन्होंने राज्य के सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बिजली चोरी से जुड़े लंबित मामलों में तेजी लाते हुए बकाया राशि की प्रभावी वसूली सुनिश्चित की जाए।

डीजीपी ने सभी स्टेशन हाउस अधिकारियों (SHO) को अपने-अपने थानों के रिकॉर्ड और केस डायरी की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही ऐसे सभी मामलों की सूची तत्काल तैयार करने को कहा गया है, जिनमें 1 लाख रुपये या उससे अधिक का जुर्माना अभी तक बकाया है।

निर्देशों के अनुसार प्रत्येक SHO को वसूली अभियान की व्यक्तिगत निगरानी करनी होगी और यह सुनिश्चित करना होगा कि संबंधित मामलों में समयबद्ध कार्रवाई कर बकाया राशि की वसूली की जाए।

राज्य प्रवर्तन ब्यूरो का मानना है कि इस विशेष अभियान से न केवल लंबित जुर्माने की वसूली में तेजी आएगी, बल्कि बिजली चोरी पर भी प्रभावी अंकुश लगेगा और राजस्व नुकसान को कम करने में मदद मिलेगी।