कुमार इंदर, जबलपुर। जबलपुर एसपी सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर चरगंवा थाना प्रभारी सरोजनी चौकसे ने अपनी टीम के साथ थाना क्षेत्र के धरती कछार,भड़पुरा और मूरकटिया में सर्चिंग अभियान चलाया। नदी किनारे अवैध रेत खनन में लगी तीन नाव बंधी हुई मिली, जिसमें कि रेत निकालने के लिए तसला,फावड़ा सहित अन्य उपकरण रखे हुए थे। पुलिस ने मौके पर ही तीनों नावों को लोहे की राड की मदद से ना सिर्फ नष्ट किया, बल्कि नाव तोड़कर नदी में भी बहा दिया।
अवैध परिवहन में 61 वाहनों को जब्त कर 92 लाख का जुर्माना
बता दे कि जिले में जनवरी 2026 से अभी तक खनिज विभाग द्वारा विभिन्न खनिजों का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर 61 वाहनों को जब्त कर प्रकरण तैयार किए गए हैं और उन पर 92 लाख 47 हजार 696 रुपए का अर्थदंड लगाया है। इसके अतिरिक्त जिले में स्थापित ई-चेक गेट के माध्यम से संज्ञान में आए 63 वाहनों के संचालकों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर ऑनलाइन नोटिस जारी किए हैं।
अवैध उत्खनन में 10 करोड़ से ज्यादा का जुर्माना
अवैध उत्खनन के कुल 8 प्रकरण तैयार किए गए हैं, जिनमें से 6 प्रकरणों में 10 करोड़ 39 लाख 27 हजार 490 रुपए का अर्थदंड अधिरोपित किया गया है और 2 प्रकरणों में कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। इस दौरान अवैध उत्खनन में संलिप्त 2 पोकलेन मशीन, 4 जेसीबी, 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली, 3 हाईवा और 3 डम्फर जब्त किए हैं। कार्यवाही के दौरान गिट्टी, फायरक्ले और मिट्टी के अवैध भण्डारण के तीन प्रकरणों में 3 करोड़ 28 लाख 59 हजार रुपए का अर्थदंड भी अधिरोपित किया है।

