Lifestyle Desk – सावन के महीने में बड़ी संख्या में लोग भगवान शिव की आराधना के साथ व्रत भी रखते हैं। व्रत के दौरान खानपान को लेकर कई तरह के नियमों का पालन किया जाता है। ऐसे में रोज-रोज फल, साबुदाना, कुट्टू या समा के चावल से बनी चीजें खाकर कई बार स्वाद बदलने का मन करता है। अगर आपको भी व्रत में कुछ टेस्टी, मसालेदार और क्रिस्पी खाने की इच्छा हो रही है, तो शकरकंदी की कटलेट एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है।

शकरकंदी स्वादिष्ट होने के साथ पेट भरने वाली भी होती है। उबली हुई शकरकंदी में सेंधा नमक, हरी मिर्च, धनिया और व्रत में इस्तेमाल किए जाने वाले मसाले मिलाकर इन कटलेट्स को आसानी से तैयार किया जा सकता है। इन्हें डीप फ्राई करने की बजाय कम तेल या घी में तवे पर सेंककर भी कुरकुरा बनाया जा सकता है। गरमा-गरम कटलेट को हरी चटनी या दही के साथ परोसें और व्रत के खाने का स्वाद दोगुना करें।आइए जानते हैं शकरकंदी की कटलेट की रेसिपी ।
सामग्री
शकरकंदी-2–3 मध्यम आकार की
हरी मिर्च-1–2 बारीक कटी हुई
थोड़ा-सा हरा धनिया
जीरा-1 छोटा चम्मच
काली मिर्च पाउडर-आधा छोटा चम्मच
सेंधा नमक-स्वादानुसार
नींबू का रस-1 छोटा चम्मच
सिंघाड़े या राजगीरे का आटा-2–3 बड़े चम्मच
सेंकने के लिए थोड़ा घी या तेल
व्रत के अनुकूल हरी चटनी
विधि
- सबसे पहले शकरकंदी को अच्छी तरह धोकर साफ कर लें। अब इन्हें पानी में उबालें या प्रेशर कुकर में जरूरत के अनुसार पका लें।
- शकरकंदी के नरम होने के बाद इन्हें ठंडा करें और छिलका उतार लें। अब इन्हें एक बड़े बाउल में डालकर अच्छी तरह मैश कर लें। कोशिश करें कि इसमें कोई बड़ा टुकड़ा न रह जाए।
- मैश की हुई शकरकंदी में बारीक कटी हरी मिर्च, हरा धनिया, जीरा, काली मिर्च पाउडर, सेंधा नमक और नींबू का रस डालें।
- इसके बाद इसमें सिंघाड़े या राजगीरे का आटा मिलाएं। सभी सामग्री को अच्छी तरह मिलाकर एक ऐसा मिश्रण तैयार करें, जिससे आसानी से कटलेट बनाए जा सकें।
- अगर मिश्रण बहुत नरम लग रहा हो, तो थोड़ा और व्रत में इस्तेमाल होने वाला आटा डाल सकते हैं। ध्यान रखें कि मिश्रण बहुत ज्यादा सूखा भी न हो।
- अब हाथों पर थोड़ा घी या तेल लगाकर मिश्रण की छोटी-छोटी लोइयां लें और उन्हें गोल या चपटा कटलेट का आकार दें।
7-इसी तरह सभी कटलेट तैयार कर लें। - अब एक तवा गर्म करें और उस पर थोड़ा घी या तेल लगाएं। कटलेट को तवे पर रखें और मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सेंकें।
- उन्हें बीच-बीच में सावधानी से पलटते रहें, ताकि दोनों तरफ से सुनहरे और कुरकुरे हो जाएं।अगर आप ज्यादा क्रिस्पी कटलेट पसंद करते हैं, तो इन्हें थोड़ी देर अतिरिक्त सेंक सकते हैं। हालांकि तेज आंच पर पकाने से बाहर की सतह जल्दी जल सकती है और अंदर का हिस्सा ठीक से गर्म नहीं हो पाएगा।
- शकरकंदी की गरमा-गरम कटलेट को व्रत में इस्तेमाल की जाने वाली हरी चटनी, दही या नारियल की चटनी के साथ परोसा जा सकता है।


