Upheaval in Cricket Australia! क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) के शीर्ष प्रबंधन में बड़ा बदलाव हुआ है। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर और 1987 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य डेविड बून को बोर्ड का अंतरिम चेयरमैन नियुक्त किया गया है। बून मौजूदा चेयरमैन माइक बेयर्ड की जगह लेंगे, जिन्होंने बिग बैश लीग (BBL) से जुड़े फैसलों और खासकर टीमों के निजीकरण की प्रक्रिया को लेकर बढ़ते दबाव के बीच पद से इस्तीफा दिया है।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने सोमवार को बून की नियुक्ति की पुष्टि की। हालांकि, वह औपचारिक रूप से 28 अक्टूबर को होने वाली वार्षिक आम बैठक के बाद अंतरिम अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालेंगे।
BBL के निजीकरण को लेकर बढ़ा विवाद

माइक बेयर्ड के इस्तीफे के पीछे बिग बैश लीग की टीमों में निजी निवेश और स्वामित्व से जुड़े फैसलों को प्रमुख वजह माना जा रहा है। ऑस्ट्रेलियाई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, BBL टीमों के निजीकरण की प्रक्रिया को लेकर बोर्ड के भीतर मतभेद बढ़ रहे थे।
मेलबर्न रेनेगेड्स की बिक्री की प्रक्रिया भी इसी विवाद का हिस्सा रही। बेयर्ड न्यू साउथ वेल्स का प्रतिनिधित्व करते हुए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के बोर्ड में पहुंचे थे, लेकिन न्यू साउथ वेल्स की ओर से BBL टीमों के निजीकरण से जुड़े उनके रुख का विरोध किया गया। इन परिस्थितियों के बीच बोर्ड में बेयर्ड पर दबाव बढ़ता गया और अंततः उन्होंने चेयरमैन पद छोड़ दिया।
प्रशासन का भी लंबा अनुभव

डेविड बून के पास क्रिकेट के मैदान के साथ-साथ प्रशासन का भी लंबा अनुभव है। उन्होंने फरवरी 2025 में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के बोर्ड में प्रवेश किया था। इससे पहले वह करीब नौ साल तक तस्मानिया क्रिकेट बोर्ड के निदेशक रहे।
बून अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी प्रशासनिक भूमिकाएं निभा चुके हैं। वह लंबे समय तक आईसीसी मैच रेफरी रहे और 2000 से 2011 के बीच ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम की चयन समिति का हिस्सा भी रहे। ऐसे में CA के अंतरिम चेयरमैन के रूप में उनकी नियुक्ति को क्रिकेट और प्रशासन दोनों क्षेत्रों के उनके अनुभव से जोड़कर देखा जा रहा है।
ऑस्ट्रेलिया के लिए ऐसा रहा बून का करियर

डेविड बून ने 1984 में ऑस्ट्रेलिया के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। करीब 12 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर में उन्होंने 107 टेस्ट और 181 वनडे मुकाबले खेले।
टेस्ट क्रिकेट में बून ने 107 मैचों की 190 पारियों में 7,422 रन बनाए। उनके नाम 22 शतक और 32 अर्धशतक दर्ज हैं। वहीं, वनडे क्रिकेट में उन्होंने 181 मुकाबलों में 5,964 रन बनाए, जिसमें पांच शतक और 37 अर्धशतक शामिल रहे।
बून ऑस्ट्रेलिया की 1987 विश्व कप विजेता टीम का भी हिस्सा थे। भारत में आयोजित उस विश्व कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया का सामना इंग्लैंड से कोलकाता के ईडन गार्डन्स में हुआ था। फाइनल मुकाबले में बून ने 75 रन की महत्वपूर्ण पारी खेलकर ऑस्ट्रेलिया की जीत में अहम योगदान दिया था।
अब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के शीर्ष पद की अंतरिम जिम्मेदारी संभालने के साथ बून के सामने बोर्ड के भीतर चल रहे मतभेदों और BBL से जुड़े अहम फैसलों को आगे बढ़ाने की चुनौती होगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


