हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के MPCA Season Awards 2025-26 समारोह में आज मध्य प्रदेश क्रिकेट के शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, टीमों और क्रिकेट से जुड़े लोगों को सम्मानित किया गया। समारोह में अलग-अलग श्रेणियों में कुल 2 करोड़ 94 लाख 29 हजार 508 रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की गई।

प्रशांत मेहता और आनंद पटेल को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड

समारोह में माधवराव सिंधिया लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड प्रशांत मेहता को दिया गया। उन्हें 5 लाख रुपये और सिल्वर प्लाक से सम्मानित किया गया। वहीं सी.टी. सरवटे लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड आनंद पटेल को मिला। उन्हें भी 5 लाख रुपये और सिल्वर प्लाक दिया गया।

3 लोगों को मिला निश्काम कर्मयोगी अवॉर्ड

निश्काम कर्मयोगी अवॉर्ड से राजेंद्र राजगुरु, घनश्यामदास पारखे और सुरेश चेनानी को सम्मानित किया गया। तीनों को 1 लाख 11 हजार 111 रुपये और सिल्वर प्लाक प्रदान किया गया।

चैंपियन MP अंडर-19 टीम को मिले 73.83 लाख

कूच बिहार ट्रॉफी की चैंपियन MP अंडर-19 टीम को 73 लाख 83 हजार 750 रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। वहीं महिला सीनियर टी-20 ट्रॉफी की रनर-अप MP सीनियर टीम को 40 लाख रुपये मिले। अन्य BCCI टीमों के लिए 64 लाख 84 हजार 375 रुपये की पुरस्कार राशि दी गई।

भारतीय टीम के खिलाड़ियों को भी मिला स्पेशल अवॉर्ड

भारतीय महिला, पुरुष और अंडर-19 टीम में शामिल मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों को भी विशेष पुरस्कार दिया गया। अनुष्का शर्मा, सारांश जैन, आनंद तागड़े, यशवर्धन चौहान और मनाल चौहान को 5-5 लाख रुपये से सम्मानित किया गया।

आर्यन पांडे और चंचल राठौर बने बेस्ट क्रिकेटर

माधवराव सिंधिया अवॉर्ड फॉर बेस्ट सीनियर क्रिकेटर-मेन आर्यन पांडे को और बेस्ट जूनियर क्रिकेटर-मेन का पुरस्कार चंचल राठौर को मिला। दोनों को 1-1 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। महिला वर्ग में बेस्ट सीनियर क्रिकेटर का पुरस्कार अनन्या दुबे और बेस्ट जूनियर क्रिकेटर का पुरस्कार आयुषी शुक्ला को मिला। दोनों को 50-50 हजार रुपये दिए गए।

गेंदबाजों को भी मिला सम्मान

अंडर-16 BCCI टूर्नामेंट में बेस्ट स्पिन गेंदबाज का पुरस्कार रितिक परब को दिया गया, जिन्हें 20 हजार रुपये मिले। वहीं अंडर-19 BCCI टूर्नामेंट में बेस्ट फास्ट बॉलर के लिए पुष्कर विश्वकर्मा को 30 हजार रुपये दिए गए। कुशाग्र नगर को स्पेशल रिकग्निशन अवॉर्ड के तहत 30 हजार रुपये, जबकि नितिन मेनन को स्पेशल रिकग्निशन अवॉर्ड के रूप में सिल्वर प्लाक से सम्मानित किया गया।

इंदौर डिवीजन को मिला पहला स्थान

डिवीजन इंसेंटिव स्कीम में इंदौर डिवीजन को प्रथम स्थान हासिल करने पर 7 लाख 50 हजार रुपये का पुरस्कार मिला। वहीं उज्जैन डिवीजन को दूसरे स्थान के लिए 5 लाख रुपये दिए गए। डिवीजन अवॉर्ड्स के लिए कुल 60 लाख 68 हजार 50 रुपये की राशि रखी गई थी।

ज्योतिरादित्य सिंधिया और जवागल श्रीनाथ रहे सम्मानित अतिथि

MPCA Season Awards 2025-26 समारोह में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और ICC मैच रेफरी एवं पूर्व भारतीय टेस्ट क्रिकेटर जवागल श्रीनाथ सम्मानित अतिथि के रूप में शामिल हुए। MPCA के इस आयोजन में खिलाड़ियों की व्यक्तिगत उपलब्धियों के साथ-साथ टीमों और डिवीजन के प्रदर्शन को भी सम्मान दिया गया। कुल 2 करोड़ 94 लाख 29 हजार 508 रुपये के पुरस्कारों के साथ मध्य प्रदेश क्रिकेट के सफल सीजन का जश्न मनाया गया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m