वीरेंद्र कुमार/​नालंदा‌। जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति को चुनौती देते हुए अपराधियों ने एक दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया है। मंगलवार को सोहसराय थाना क्षेत्र के व्यस्ततम सोहसराय बाजार चौक पर ड्यूटी कर रहे यातायात थाना के दरोगा मनोज कुमार पर अज्ञात बदमाशों ने पीछे से ईंट से जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना ने पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है।

​अचानक हुआ हमला, दरोगा लहूलुहान

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दरोगा मनोज कुमार मंगलवार को सोहसराय बाजार चौक पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने में जुटे थे। उनके साथ अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद थे। तभी घात लगाकर बैठे हमलावरों ने पीछे से आकर उनके सिर पर ईंट से जोरदार प्रहार कर दिया। हमला इतना अचानक और तीव्र था कि दरोगा संभल नहीं सके और गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। इस घटना से बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

​अस्पताल में चल रहा इलाज

हमले के तुरंत बाद वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने घायल दरोगा मनोज कुमार को आनन-फानन में बिहारशरीफ स्थित मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और उनका उपचार जारी है। उनकी स्थिति फिलहाल चिंताजनक बताई जा रही है।

​पुलिस कर रही सीसीटीवी की छानबीन

घटना की सूचना मिलते ही ट्रैफिक डीएसपी मोहम्मद खुर्शीद आलम समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की गहन जांच शुरू की। डीएसपी ने बताया कि हमलावर कौन थे और उन्होंने इस वारदात को क्यों अंजाम दिया इसके पीछे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस के अनुसार दोषियों की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला जा रहा है।

​आरोपियों की धर-पकड़ तेज

नालंदा पुलिस ने इस मामले को प्रतिष्ठा से जोड़ते हुए अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की है। पुलिस का दावा है कि फुटेज के जरिए अपराधियों की शिनाख्त कर ली जाएगी और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। इस घटना ने स्थानीय व्यापारियों और आम जनता में भी डर का माहौल पैदा कर दिया है। फिलहाल पुलिस क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और पूरे मामले की तहकीकात की जा रही है।