इमरान खान, खंडवा। सावन मास के पहले दिन गुरुवार को तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में शिवभक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। रिमझिम बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। बाबा ओंकारेश्वर और ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए सुबह से ही लंबी कतारें लग गईं। मंदिर परिसर दिनभर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंजता रहा।

वहीं देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने पहले मां नर्मदा में आस्था की डुबकी लगाई। इसके बाद बाबा ओंकारेश्वर और ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। भक्तों ने बेलपत्र, दूध, पुष्प और धतूरा अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की। सावन के पहले दिन सुबह से ही मंदिरों में भक्ति और उत्साह का माहौल रहा। हल्की बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती रही। मंदिर ट्रस्ट और प्रशासन ने दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m