नवीन शर्मा, हांसी। बीजेपी विधायक विनोद भयाना ने अपने निवास स्थान पर जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं। जनता दरबार में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, जहां बिजली, पानी, फैमिली आईडी और पक्के रास्ते नहीं बनने जैसी समस्याएं सामने आईं।

विधायक विनोद भयाना ने कहा कि विधायक होने के नाते जनता की समस्याओं का समाधान करना उनका फर्ज है। उन्होंने बताया कि जिन समस्याओं का मौके पर समाधान संभव था, उनका तुरंत निपटारा किया गया, जबकि बाकी मामलों को सरकार के पास समाधान के लिए भेजा गया है।

वहीं कई गांवों से पहुंचे छात्रों ने जनता दरबार में रोडवेज बसों की कमी और आने-जाने में हो रही परेशानियों को विधायक के सामने रखा। छात्रों ने बताया कि समय पर बसें नहीं मिलने से पढ़ाई प्रभावित हो रही है। और उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान बीजेपी विधायक विनोद भयाना ने रोडवेज अधिकारियों को कड़े शब्दों में निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी छात्र-छात्रा को बस सेवा को लेकर परेशानी नहीं होनी चाहिए।

शिक्षा में किसी प्रकार की बाधा बर्दाश्त नहीं


उन्होंने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं और उनकी शिक्षा में किसी प्रकार की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विधायक ने अधिकारियों को जल्द समस्या का समाधान करने और जरूरत के अनुसार बसों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता समाज के आखिरी व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाना और उसकी समस्या का समाधान करना है।

भारत में अन्य देशों की तुलना में कम बढ़ोतरी

वहीं पेट्रोल और डीजल के लगातार बढ़ रहे दामों को लेकर विधायक ने कहा कि पूरी दुनिया में ईंधन के दाम बढ़ रहे हैं, लेकिन भारत में अन्य देशों की तुलना में कम बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री की अग्रणी सोच और नीतियों के कारण व्यवस्था सही तरीके से चल रही है वही सुरजीत गुज्जर ने कहा कि हम अपनी समस्या लेकर आये थे। विधायक के सामने रखने से उसका तुरंत समाधान हुआ है।