पटना से सटे पंडारक थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले पूरी तरह बुलंद हैं। क्षेत्र के पंडारक पूर्वी पंचायत स्थित शिवाला के पास एक बार फिर चोरों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए एक सीआरपीएफ जवान के घर को निशाना बनाया। इस दुस्साहसिक वारदात में चोरों ने घर का ताला और गेट तोड़कर लाखों की नकदी, कीमती जेवरात और महत्वपूर्ण दस्तावेज चुरा लिए। पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी हुई कुल संपत्ति की कीमत 25 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है।

​देर रात घर का गेट तोड़कर दिया वारदात को अंजाम

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना देर रात की है। चोरों ने सूनेपन का फायदा उठाते हुए सीआरपीएफ जवान मुनचुन कुमार के घर का मुख्य गेट और ताला तोड़ दिया। इसके बाद वे आसानी से घर के अंदर दाखिल हुए और कमरों की तलाशी ली। घटना के वक्त जवान के घर पर कोई नहीं था, जिसका पूरा फायदा उठाते हुए चोरों ने इत्मीनान से इस बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए।

​पत्नी के पहुंचने पर खुला चोरी का राज

​वर्तमान में सीआरपीएफ में तैनात मुनचुन कुमार ड्यूटी पर बाहर थे। स्थानीय लोगों ने जब घर का ताला टूटा देखा, तो इसकी सूचना तुरंत मुनचुन कुमार को दी। जवान ने तुरंत इसकी जानकारी अपनी पत्नी बबीता कुमारी को दी। सूचना मिलते ही बबीता कुमारी जब घर पहुंचीं, तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियां खुली थीं।

​जेवर, नकदी और जमीन के कागजात ले उड़े चोर

​पीड़ित गृहणी बबीता कुमारी ने बताया कि चोरों ने घर में रखे लगभग 15 से 20 भर सोने के कीमती जेवरात, डेढ़ लाख रुपये नकद और जमीन से जुड़े बेहद महत्वपूर्ण कागजात पर हाथ साफ कर दिया है। उन्होंने बताया कि यह मकान करीब 15 साल पुराना है और वह पिछले लगभग 10 वर्षों से अधिकतर समय घर से बाहर ही रहती हैं। हालांकि, इन 10 वर्षों में पहले कभी उनके घर में ऐसी चोरी की घटना नहीं हुई थी।

​पुलिस और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर सक्रिय

​घटना की सूचना मिलते ही पंडारक थानाध्यक्ष नवनीत राय अपनी पुलिस टीम के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के लिए डॉग स्क्वायड (श्वान दस्ता) और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की मदद ली। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वैज्ञानिक जांच और आसपास के अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन छानबीन की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।