कमल वर्मा, ग्वालियर। एमपी के ग्वालियर में दबंगों से परेशान एक CRPF का जवान अपनी गुहार लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा। पीड़ित जवान की पोस्टिंग जम्मू कश्मीर में है और वह ग्वालियर का रहने वाला है। दबंगों ने किराए से उसका मकान लिया था, लेकिन उस पर कब्जा कर लिया। अब वे उसकी जमीन पर भी कब्जा करने की धमकी दे रहे हैं। जिसकी शिकायत उसने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से की। लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई। वहीं इस मामले को लेकर पुलिस अधिकारी ने जवान को कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
CRPF जवान का नाम रौनक धाकड़ है, जो पुरानी छावनी थाना क्षेत्र वार्ड 63 प्लॉट नंबर 17 बालाजी धाम मोतीझील का रहने वाला है। पीड़ित जवान का कहना है कि उसने अपना बालाजी धाम वाला मकान मार्च 2025 में शैलेंद्र गुर्जर निवासी मुरैना को किराए पर दिया था। लेकिन धीरे-धीरे समय निकलने के साथ शैलेंद्र की उस मकान को लेकर नियत खराब हो गई। जवान की पत्नी रेखा धाकड़ उस मकान की देखरेख करती है। जब वह किराया लेने पहुंची तो शैलेंद्र ने किराया आज-कल देने की बात कहकर टाल मटोल करने लगा।
किराया न देने पर मकान खाली कर उसकी चाबी वापस देने की बात कही। लेकिन किराएदार राजी नहीं हुआ। जवान रौनक छुट्टी लेकर ग्वालियर आया तो पत्नी ने उसे किराएदार की हरकतों के बारे में बताया। रौनक ने भी शैलेंद्र को मकान खाली करने के लिए कहा, लेकिन उसमे उल्टा पति-पत्नी से गाली-गलौज कर खुद का मकान बताते हुए खुद को क्रिमिनल परिवार से ताल्लुक रखने वाला बताया और धमकी थी कि अगर मकान खाली कराया तो उन्हें जान से मरवा देगा।
जब जवान ने अपने CRPF डिपार्टमेन्ट और पुरानी छावनी थाने में शिकायत की तो बदमाश शैलेंद्र ने अपने दोस्त रिंकू गुर्जर को उसके साथियों के साथ जवान के दूसरे घर चंदन नगर पर भेजा। उस वक्त जवान अपने घर पर मौजूद नहीं था, बल्कि उसकी पत्नी रेखा थी। तभी रिंकू गुर्जर ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसके घर के बाहर गाली गलौज की और जवान रौनक को फोन कर धमकी दी कि अगर उसने मकान खाली कराया तो उसके दूसरे मकान और 20 बीघा मुरैना सबलगढ़ की जमीन पर कब्जा कर लेंगे। बदमाशों की इस दबंगई से उसका परिवार दहशत में आ गया है और उसने पुलिस अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस अधिकारी का कहना है कि फरियादी जवान रौनक के द्वारा की गई शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

