Business Desk – Crypto Price Today : अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब क्रिप्टो बाजार पर भी साफ दिखाई देने लगा है. अमेरिकी सैन्य कार्रवाई की खबरों के बाद निवेशकों ने जोखिम वाले निवेश से दूरी बनानी शुरू कर दी है. इसका असर बिटकॉइन समेत लगभग सभी बड़ी क्रिप्टोकरेंसी पर पड़ा है.

ट्रंप के बयान के बाद बढ़ी चिंता
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर दावा किया कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास गश्त के दौरान एक अमेरिकी अपाचे हेलीकॉप्टर पर हमला हुआ, जिसके बाद अमेरिका को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी. इसके बाद अमेरिका ने ईरान पर सैन्य हमले किए, जिससे पश्चिम एशिया में तनाव एक बार फिर बढ़ गया.
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि जब भी दुनिया में भू-राजनीतिक तनाव बढ़ता है, निवेशक जोखिम वाले एसेट्स से पैसा निकालने लगते हैं. क्रिप्टोकरेंसी भी इसका शिकार होती है.
बिटकॉइन की कीमत में गिरावट
बढ़ते तनाव के बीच दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन में करीब 2.14% की गिरावट दर्ज की गई. इसके बाद इसकी कीमत घटकर लगभग 61,433.62 डॉलर पर आ गई. विशेषज्ञों का कहना है कि हाल के दिनों में क्रिप्टो बाजार में जो तेजी लौट रही थी, उस पर अमेरिका-ईरान तनाव ने ब्रेक लगा दिया है.
Ethereum, Solana और Dogecoin भी दबाव में
- बिटकॉइन ही नहीं, दूसरी बड़ी क्रिप्टोकरेंसी भी लाल निशान में कारोबार कर रही हैं.
- Ethereum में 3.72% की गिरावट के बाद कीमत 1,624.40 डॉलर पर पहुंच गई.
- Solana करीब 4.36% टूटकर 64.18 डॉलर पर आ गया.
- Dogecoin में 3.15% की कमजोरी के बाद इसकी कीमत 0.08350 डॉलर रह गई.
- यानी क्रिप्टो बाजार में व्यापक बिकवाली देखने को मिल रही है और निवेशक फिलहाल सतर्क रुख अपना रहे हैं.
क्यों गिर रहा है Crypto Market?
विशेषज्ञों के मुताबिक, इसके पीछे कई कारण हैं. सबसे बड़ा कारण अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ता तनाव है. इसके अलावा अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों, खासकर महंगाई के आंकड़ों को लेकर भी निवेशकों में चिंता बनी हुई है. मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव से वैश्विक वित्तीय बाजारों में अनिश्चितता बढ़ी है. इसी वजह से क्रिप्टो ETF से निकासी भी बढ़ रही है और निवेशक सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं.
पिछले कुछ दिनों की तेजी पर लगा ब्रेक
क्रिप्टो बाजार में पिछले दो-तीन दिनों से अच्छी तेजी देखने को मिल रही थी. बिटकॉइन समेत कई डिजिटल करेंसी में निवेशकों की खरीदारी बढ़ी थी, लेकिन अमेरिका-ईरान तनाव ने बाजार का माहौल बदल दिया. अब तेजी की जगह एक बार फिर बिकवाली हावी हो गई है.
निवेशकों की नजर किस पर?
आने वाले दिनों में क्रिप्टो बाजार की दिशा काफी हद तक पश्चिम एशिया के घटनाक्रम और अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों पर निर्भर करेगी. अगर तनाव और बढ़ता है तो बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है. वहीं, हालात सामान्य होने पर क्रिप्टो बाजार में फिर से रिकवरी देखने को मिल सकती है.

