कुंदन कुमार, पटना। CTET के अपीयरिंग अभ्यर्थियों ने आज मंगलवार (1 सितंबर) को शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के आवास का घेराव किया। सीटेट अभ्यर्थियों की यह मांग है कि उन्हें भी STET (राज्य शिक्षक पात्रता परीक्षा) पास उम्मीदवारों की तरह BPSC TRE-4 भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने और आवेदन करने का अवसर दिया जाए। जिस प्रकार TRE-1.0 में CTET अपीयरिंग को मौका मिला था और हाल ही में STET अभ्यर्थियों को शामिल किया गया है। आवास का घेराव कर रहे अभ्यर्थियों की मांग है कि वही नीति CTET अभ्यर्थियों के लिए भी अपनाई जाए।
अभ्यर्थियों ने लगाया भेदभाव का आरोप
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के अवास का घेरवा करने पहुंचे एक अभ्यर्थी ने कहा कि, हम शिक्षा मंत्री के आवास पर इसलिए आए हैं क्योंकि STET उम्मीदवारों को TRE-4 में मौका दिया गया है, जबकि CTET 2026 के उम्मीदवारों को नहीं। CTET उम्मीदवारों के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार किया जा रहा है। हमारी मांग सीधी-सी है कि जिस तरह STET उम्मीदवारों को TRE-4 में मौका दिया गया है, उसी तरह CTET उम्मीदवारों को भी वही मौका मिलना चाहिए।
हम लोग आंदोलन करने नहीं आए- एक अभ्यर्थी
वहीं, एक अभ्यर्थी ने लल्लूराम डॉट कॉम से बात करते हुए कहा कि, हमारी मांग है कि जिस तरह BPSC TRE 1.0 में CTET में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को मौका दिया गया था और हाल ही में STET 2026 के उम्मीदवारों को TRE 4.0 में शामिल होने की इजाज़त दी गई, उसी नीति का पालन किया जाना चाहिए। बिहार शिक्षा विभाग को CTET 2026 के उम्मीदवारों को भी TRE 4.0 में शामिल होने का मौका देना चाहिए। लेकिन हमें शिक्षा मंत्री से मिलने नहीं दिया जा रहा है। पुलिस हम लोगों को यहां से हटा रही है। हम लोग यहां आंदोलन करने नहीं बल्कि शिक्षा मंत्री से मिलने आए हैं।
छात्र ने कहा कि, शिक्षा मंत्री खुद कहे थे कि कोई मामला हो…कोई बात हो…तो हमसे सीधा संवाद करें। लेकिन पुलिस नहीं समझ रही है। हमलोग धरना देने नहीं आए हैं। हमलोग सिर्फ शिक्षा मंत्री से मुलाकात करने और अपनी बात कहने आए हैं।
शिक्षा मंत्री ने छात्रों को दिया आश्वासन
इस दौरान शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने आवास के बाहर आकर अभ्यर्थियों से संवाद किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार छात्रों के हित में उचित निर्णय लेगी और इसके लिए उन्होंने छात्रों से 5 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल बनाकर बातचीत करने की अपील की।
ये भी पढ़ें- ‘सिंगापुर से आरक्षण पर ज्ञान देना आसान, लेकिन…’, दीपा मांझी ने रोहिणी आचार्य पर कसा तंज



