सोनू वर्मा,नूंह। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन के सख्त निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान ने वाहन चोरों की कमर तोड़ दी है। इसी कड़ी में रोजका स्थित एवीटी स्टाफ को उस वक्त बड़ी कामयाबी मिली, जब टीम ने गश्त के दौरान एक संदिग्ध युवक को रोका। पकड़े गए आरोपी की पहचान इरशाद निवासी झरोकड़ी, बिछोर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल बरामद की, जिसकी गहनता से जांच की गई तो चौंकाने वाला सच सामने आया।

यूं सामने आया चोरी का कनेक्शन

गिरफ्तारी के समय मोटरसाइकिल पर कोई नंबर प्लेट नहीं थी, जिससे पुलिस का शक गहरा गया। एवीटी स्टाफ ने जब वाहन के चेसिस और इंजन नंबर को पोर्टल पर खंगाला, तो पता चला कि यह मोटरसाइकिल दिल्ली के न्यू अशोक नगर थाने से चोरी हुई थी।

मुकदमा दर्ज कर आरोपी को सलाखें के पीछे भेजा

इस संबंध में थाना सिटी पुन्हाना में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को सलाखें के पीछे भेज दिया गया है। पुलिस प्रवक्ता ने साफ किया है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है और अब तक दो दर्जन से अधिक चोरी के वाहन बरामद किए जा चुके हैं।