Lifestyle Desk – गर्मियों का मौसम आते ही खान-पान की आदतों में बदलाव करना बहुत जरूरी हो जाता है. इस दौरान शरीर को ठंडा रखने के लिए लोग सबसे ज़्यादा दही का सेवन करते हैं. दही से रायता, छाछ, लस्सी या फिर इसी तरह से कुछ और बनाकर खाते हैं. दही न सिर्फ स्वाद में लाजवाब होता है, बल्कि यह पेट को ठंडक देने और पाचन तंत्र को दुरुस्त रखने में भी मदद करता है. ताजा और ठंडा दही खाने का आनंद ही अलग होता है, खासकर जब तापमान लगातार बढ़ रहा हो.

लेकिन गर्मियों की एक बड़ी समस्या यह है कि दही बहुत जल्दी खट्टा हो जाता है. कई बार एक या दो दिन में ही दही का स्वाद बदल जाता है, जिससे लोग यह सोचने पर मजबूर हो जाते हैं कि क्या खट्टा दही खाना सही है या नहीं. आज इसी के बारे में विस्तार से जानते हैं.

दही क्यों ही जाता है खट्टा

हल्का खट्टा दही आमतौर पर नुकसानदायक नहीं होता. दरअसल, दही के खट्टे होने की प्रक्रिया प्राकृतिक होती है, जिसमें अच्छे बैक्टीरिया (प्रोबायोटिक्स) दूध को फर्मेंट करके दही में बदलते हैं. समय के साथ यह प्रक्रिया जारी रहती है, जिससे दही का स्वाद ज्यादा खट्टा हो जाता है. ऐसे में अगर दही बहुत ज्यादा खट्टा नहीं हुआ है और उसमें किसी तरह की बदबू या फफूंदी नहीं है, तो इसे सीमित मात्रा में खाया जा सकता है.

ज़्यादा खट्टा दही खाने के नुकसान

अत्यधिक खट्टा दही खाने से कुछ लोगों को परेशानी हो सकती है. खासकर जिन लोगों को एसिडिटी, गैस या पेट से जुड़ी समस्याएं रहती हैं, उनके लिए ज्यादा खट्टा दही नुकसानदायक साबित हो सकता है. इससे पेट में जलन, अपच या भारीपन महसूस हो सकता है. इसलिए ऐसे लोगों को ताजा दही ही खाने की सलाह दी जाती है.

दही को खट्टा होने से बचाने के लिए क्या करें

गर्मी में दही को जल्दी खट्टा होने से बचाने के लिए कुछ आसान उपाय अपनाए जा सकते हैं. दही को हमेशा ठंडी जगह या फ्रिज में रखना चाहिए. अगर आप घर पर दही जमा रहे हैं, तो जमने के बाद तुरंत उसे फ्रिज में रख दें. इसके अलावा, दही को बार-बार बाहर निकालकर रखने से भी यह जल्दी खट्टा हो सकता है, इसलिए जरूरत के अनुसार ही दही निकालें.

खट्टी दही का क्या करें

अगर दही खट्टा हो गया है, तो उसे फेंकने की बजाय आप उसका उपयोग कई अन्य तरीकों से कर सकते हैं. जैसे खट्टे दही से कढ़ी, पराठे का आटा गूंथना या मैरिनेड तैयार करना. इससे न सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ेगा, बल्कि दही का सही इस्तेमाल भी हो जाएगा.