रांची। साइबर अपराधी ठगी के लिए लगातार नए तरीके अपना रहे हैं। अब बिना ओटीपी और बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल किए भी खातों से रकम निकालने के मामले सामने आने लगे हैं। रांची में ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति के बैंक खाते से 50 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली गई।
न OTP आया, न किसी से साझा की बैंक डिटेल
मामले को लेकर कृष्ण कुमार ने शुक्रवार को रांची साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक, उनके मोबाइल पर पैसे की निकासी से पहले कोई OTP नहीं आया था। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बैंक खाते से जुड़ी कोई गोपनीय जानकारी उन्होंने किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ साझा नहीं की थी।
इसके बावजूद उनके बैंक खाते से 50 हजार रुपये निकल गए। खाते से रकम गायब होने की जानकारी मिलने के बाद कृष्ण कुमार ने बैंक से संपर्क कर लेनदेन का विवरण प्राप्त किया और इसके बाद साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
जांच में जुटी साइबर पुलिस
शिकायत मिलने के बाद साइबर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस बैंक लेनदेन और रकम निकासी से जुड़े तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बिना OTP या बैंकिंग जानकारी साझा किए खाते से रकम किस माध्यम से निकाली गई।
साइबर विशेषज्ञों के मुताबिक, ऑनलाइन लेनदेन के दौरान किसी भी अनजान लिंक, कॉल, ऐप या संदिग्ध गतिविधि से सावधान रहना जरूरी है। बैंक खाते में किसी तरह का असामान्य लेनदेन दिखाई देने पर तत्काल बैंक और साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करना चाहिए।



