अजयारविंद नामदेव, शहडोल। साइबर ठगी के बाद अब मदद के लिए जिला मुख्यालय तक दौड़ लगाने की जरूरत नहीं। ठग चाहे ऑनलाइन बैठे हों, लेकिन पुलिस अब उनके खिलाफ हर थाने से मोर्चा संभालेगी। शहडोल पुलिस ने साइबर अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए जिले के सभी 14 थानों में साइबर डेस्क शुरू कर दी है। थाना बुढ़ार से शुरू हुई इस पहल का शुभारंभ एसपी डॉ. संजय कुमार अग्रवाल ने किया। अब साइबर फ्रॉड का शिकार व्यक्ति अपने नजदीकी थाने पहुंचकर तत्काल पुलिस की मदद ले सकेगा।
साइबर डेस्क पर बैंक फ्रॉड, ओटीपी ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, ऑनलाइन धोखाधड़ी सहित विभिन्न साइबर अपराधों से जुड़ी शिकायतों पर कार्रवाई की जाएगी। शिकायत मिलते ही शुरुआती स्तर पर आवश्यक जांच और तकनीकी कार्रवाई शुरू करने की व्यवस्था रहेगी। खास बात यह है कि इस पहल का फायदा जिले के ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में रहने वाले लोगों को सबसे अधिक मिलेगा। साइबर ठगी के मामलों में शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में थाने के स्तर पर सुविधा उपलब्ध होने से पीड़ित को तत्काल पुलिस तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल ने लोगों को सावधान करते हुए कहा कि अनजान कॉल, मैसेज और संदिग्ध लिंक से बचें। ओटीपी, बैंक डिटेल या कोई भी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें साइबर ठगी होने पर घबराने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके…
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



