सुशीला देवी गुरुग्राम। साइबर ठगों ने CISF कर्मचारी बनकर सामान खरीदने के नाम पर एक व्यापारी से करीब 1.63 लाख रुपये ठग लिए। मामले की जांच में ठगी की रकम ट्रांसफर कराने के लिए बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले आरोपी को साइबर अपराध पश्चिम थाना पुलिस ने नूंह से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दोलत (26) निवासी गांव मध्यकी, जिला नूंह के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई 2025 को एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसे एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर खुद को CISF कर्मचारी बताया और पैकिंग मटेरियल का पर्चेज ऑर्डर दिया। सामान सप्लाई करने के बाद आरोपी ने गेट पास के नाम पर पहले पांच रुपये ट्रांसफर करने को कहा। इसके बाद पांच रुपये का दोगुना वापस करने और इसी तरीके से बिल का भुगतान करने का झांसा दिया।

झांसे में आए शिकायतकर्ता से साइबर ठगों ने अलग-अलग बैंक खातों में करीब 1.63 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि करीब एक लाख रुपये दोलत के बैंक खाते में और 63 हजार रुपये उसकी पत्नी के खाते में पहुंचे थे।

पूछताछ में सामने आया कि दोलत ने अपने बैंक खाते साइबर अपराधियों को करीब 20 हजार रुपये में उपलब्ध कराए थे। पुलिस ने आरोपी को 30 अगस्त को गिरफ्तार किया। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m