राकेश कथूरिया, कैथल। क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर साइबर ठगी के मामले सामने आ रहे हैं। कैथल पुलिस ने लोगों को ऐसे फर्जी कॉल, SMS और WhatsApp मैसेज से सावधान रहने की अपील की है। SP मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि साइबर ठग बैंक अधिकारी या कस्टमर केयर कर्मचारी बनकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं और गोपनीय जानकारी हासिल कर खातों से पैसे निकाल रहे हैं।

बैंक अधिकारी बनकर करते हैं कॉल

SP ने बताया कि ठग पहले बेहद प्रोफेशनल तरीके से बात करते हैं और बैंक कर्मचारी होने का भरोसा दिलाते हैं। इसके बाद क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का ऑफर देकर कार्ड नंबर, OTP, CVV और जन्मतिथि जैसी जानकारी मांगते हैं।

कई मामलों में ठग लोगों को किसी लिंक पर क्लिक करने या फर्जी ऐप डाउनलोड करने के लिए कहते हैं। इसके जरिए वे मोबाइल का रिमोट एक्सेस हासिल करने की कोशिश करते हैं। जानकारी मिलते ही कुछ ही मिनटों में ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर आर्थिक नुकसान पहुंचाया जा सकता है।

OTP और कार्ड की जानकारी किसी से साझा न करें

SP मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि कोई भी बैंक या अधिकृत संस्था फोन पर OTP, कार्ड नंबर, CVV या अन्य गोपनीय जानकारी नहीं मांगती। इसलिए किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर ऐसी जानकारी साझा न करें।

उन्होंने लोगों से कहा कि अनजान लिंक पर क्लिक न करें और किसी के कहने पर मोबाइल में कोई ऐप डाउनलोड न करें। किसी कॉल या मैसेज पर संदेह होने पर संबंधित बैंक के आधिकारिक कस्टमर केयर नंबर पर खुद संपर्क कर जानकारी की पुष्टि करें।

ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें कॉल

SP ने कहा कि साइबर ठगी होने पर शिकायत करने में देरी न करें। पीड़ित तुरंत 1930 साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें। इसके अलावा राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

उन्होंने कहा कि समय पर शिकायत मिलने से ठगी की रकम को रोकने या वापस दिलाने की संभावना बढ़ जाती है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m