हांसी। हांसी साइबर थाना पुलिस ने वीआईपी मोबाइल नंबर दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मुख्य सिपाही अमित कुमार की टीम द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार, हांसी निवासी मंगल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 16 फरवरी 2025 को उन्हें एक अज्ञात कॉल आया था। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को मोबाइल सिम विक्रेता बताते हुए जियो कंपनी का वीआईपी नंबर दिलाने का झांसा दिया।
आरोपी ने ऐसे दिया वारदात को अंजाम
आरोपी ने व्हाट्सएप के माध्यम से पोर्टिंग कोड और भुगतान के लिए क्यूआर कोड भेजकर शिकायतकर्ता का विश्वास जीत लिया। इसके बाद अलग-अलग किस्तों में कुल 4 लाख 79 हजार 670 रुपये की ठगी की गई।
सहारनपुर से पकड़ाया
शिकायत के आधार पर साइबर थाना हांसी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी कशिश गिरधर, निवासी दलीप विहार, दिल्ली को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से गिरफ्तार किया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि उससे पूछताछ कर अन्य साथियों और ठगी की गई राशि के बारे में और जानकारी जुटाई जा सके। इस मामले में एक अन्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

