पटना। बिहार में चक्रवाती तूफान अर्नब का असर दिखने लगा है। पटना और बेगूसराय समेत कई इलाकों में आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने गुरुवार को प्रदेश के 26 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें छह जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार 29 और 30 अक्टूबर को तूफान का प्रभाव अधिक रहने की संभावना है। प्रदेश में 31 अक्टूबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है।

गिर सकती है आकाशीय बिजली

मौसम विभाग ने भोजपुर, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर और बक्सर में भारी बारिश की आशंका जताई है। इन जिलों में मौसम खराब होने के दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। तेज बारिश से निचले इलाकों में पानी भरने और सड़कों पर जलजमाव की स्थिति बन सकती है। इसके अलावा कई स्थानों पर तेज हवा चलने और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है।

चल सकती है हवाएं

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, बिहार के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश की भी आशंका है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। खराब मौसम को देखते हुए लोगों को खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।

वज्रपात की आशंका

पटना में भी चक्रवाती तूफान का असर देखने को मिल सकता है। जिले में बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। कुछ इलाकों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम में बदलाव के कारण लोगों को आने-जाने के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत है।

आंध्र प्रदेश के तट से टकराया तूफान

मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान अर्नब 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश और यानम के तट को पार कर गया था। उस समय इसकी अधिकतम निरंतर हवा की रफ्तार 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे थी, जबकि झोंकों की गति 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच रही थी।
तट पार करने के बाद तूफान कमजोर होकर भीषण चक्रवाती तूफान की श्रेणी में आ गया। अगले 48 घंटों में इसके उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और धीरे-धीरे कमजोर होने की संभावना जताई गई है। इसके बावजूद बिहार में बारिश, तेज हवा और वज्रपात को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है।