रायपुर। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के छत्तीसगढ़ में संभावित प्रभाव को देखते हुए राज्य सरकार अलर्ट मोड पर है। प्रदेश में तेज हवाओं और भारी बारिश की आशंका के बीच प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार दंतेवाड़ा, बीजापुर, बालोद, कांकेर और राजनांदगांव जिलों में कलेक्टरों के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारियों ने बुधवार, 28 अक्टूबर को स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है।

धमतरी के सभी शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश

चक्रवाती तूफान के संभावित प्रभाव को देखते हुए धमतरी जिले में भी बुधवार को सभी शैक्षणिक संस्थान बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। जिले में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी होने के मद्देनजर प्रशासन सतर्क है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अवकाश का आदेश जारी किया है।

बालोद में स्कूलों की छुट्टी

बालोद जिले में भी चक्रवाती तूफान और अतिवृष्टि की आशंका को देखते हुए बुधवार को सभी शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त प्राथमिक, माध्यमिक, हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। हालांकि, यह अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए रहेगा। शिक्षकों को छुट्टी नहीं दी गई है। जिला प्रशासन भी मौसम की स्थिति को लेकर अलर्ट है।

राजनांदगांव और मोहला-मानपुर में भी स्कूल बंद

इससे पहले विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राजनांदगांव और मोहला-मानपुर जिलों के सभी स्कूलों में 28 अक्टूबर को अवकाश घोषित किया गया था। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारियों ने आदेश जारी किए हैं।

अगले दो दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी

बता दें कि चक्रवाती तूफान के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में अगले दो दिनों तक भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही तेज हवाएं चलने, आंधी-तूफान आने और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 50 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

मौसम की संभावित स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। नागरिकों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और बिना जरूरी काम के घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H