सतीश दुबे, डबरा। सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन के नाम पर ठगी का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक नई-नवेली दुल्हन ने विदाई से ठीक पहले ससुराल जाने के बजाय सिटी थाने का रुख किया। दुल्हन की हिम्मत और पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद, आखिरकार शादी के आयोजकों को थाने में ही पुलिस के सामने घुटने टेकने पड़े और पीड़िता को पूरा सामान देना पड़ा।

शादी के नाम पर 1 लाख की वसूली, विदाई के वक्त मुकरे आयोजक

मामला ईशानी शिक्षा समिति से जुड़ा है जिसके अध्यक्ष गोलू नरवरिया ने बीते 19 जून को डबरा में सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया था। इस सम्मेलन में एकमात्र शादी लवली बाल्मीक की हुई थी। समिति द्वारा घर-गृहस्थी का सामान और स्पलेंडर बाइक देने के नाम पर पीड़ित पक्ष से एक लाख रुपये की मोटी रकम जमा कराई गई थी लेकिन जब शादी संपन्न हुई और विदाई का समय आया तो संस्था के पदाधिकारियों ने सामान देने में आनाकानी शुरू कर दी।

दुल्हन ने दिखाई हिम्मत, विदाई की जगह चुनी थाने की दहलीज

सामूहिक विवाह के नाम पर सरेआम हुई इस ठगी से परेशान होकर दुल्हन लवली बाल्मीक ने हिम्मत नहीं हारी। वह शादी के जोड़े में ही अपने परिजनों के साथ डबरा सिटी थाने पहुंच गई और सम्मेलन कर्ताओं के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई। शादी वाले घर से सीधे थाने पहुंची दुल्हन को देख पुलिस महकमा भी हरकत में आ गया।

पुलिस की सख्ती के आगे झुके संस्था अध्यक्ष, थाने में सौंपा सामान

मामले की गंभीरता को देखते हुए डबरा सिटी थाना पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। थाना प्रभारी ने ईशानी शिक्षा समिति के अध्यक्ष गोलू नरवरिया को तत्काल थाने तलब किया। पुलिस के कड़े रुख और कानूनी कार्रवाई के डर से संस्था बैकफुट पर आ गई। रविवार की शाम को पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में ही संस्था द्वारा पीड़िता लवली को चमचमाती स्पलेंडर बाइक सहित घर-गृहस्थी का सारा सामान सुरक्षित सौंप दिया गया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m