सतीश दुबे, डबरा। ग्वालियर जिले के डबरा सिटी थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से डेढ़ लाख रुपये कीमत का 13 किलो 128 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पकड़ा गया गांजा ओडिशा से ट्रेन/सड़क मार्ग के जरिए डबरा में खपाने के लिए लाया गया था।
डबरा सिटी थाना प्रभारी संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध युवक ओडिशा से भारी मात्रा में गांजा लेकर डबरा पहुँचे हैं और मंगरौरा रोड की ओर किसी का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की। मंगरौरा रोड पर पिट्ठू बैग लिए खड़े दो युवकों को रोककर जब उनके बैग की तलाशी ली गई, तो उसके अंदर छुपाकर रखा गया 13 किलो 128 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों—गौरव सेन और सोनीश नामदेव को गिरफ्तार कर लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने चौंकाने वाले खुलासे किए। आरोपियों ने बताया कि डबरा निवासी पुष्पेंद्र साहू ने उन्हें ओडिशा से गांजा लाकर डबरा पहुँचाने के लिए मात्र ₹5,000-₹5,000 का लालच दिया था।
मास्टरमाइंड फरार
पूछताछ में सामने आया है कि गांजे की यह बड़ी खेप डबरा पहुँचने के बाद मुख्य आरोपी पुष्पेंद्र साहू द्वारा स्थानीय स्तर पर फुटकर में अलग-अलग नशा करने वालों और छोटे पैडलर्स को बेची जानी थी। डबरा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, घटना का मुख्य सूत्रधार और मास्टरमाइंड पुष्पेंद्र साहू फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


