सतीश दुबे डबरा(ग्वालियर)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले की डबरा तहसील अंतर्गत आने वाले करहिया क्षेत्र के प्रसिद्ध गोलेश्वर महादेव मंदिर के महंत सोमनाथ गिरी महाराज का एक कथित अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए गांव में पंचायत बुलाई गई, जिसमें महंत को पद से हटाने का सर्वसम्मति से फैसला लिया गया है।

महिला से अश्लील वीडियो चैट का वीडियो वायरल 

वायरल वीडियो में महंत सोमनाथ गिरी महाराज एक महिला से मोबाइल पर अश्लील वीडियो चैट करते हुए नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि जब महंत महिला से चैट कर रहे थे, उसी दौरान पास में ही खड़े किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल में चुपके से यह पूरा वाकया रिकॉर्ड कर लिया और बाद में इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सार्वजनिक होते ही क्षेत्र के श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों में रोष फैल गया।

एसडीएम को भेजा जाएगा हटाने का प्रस्ताव 

घटना के विरोध में करहिया गांव में एक आपातकालीन पंचायत का आयोजन किया गया। पंचायत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पवित्र धार्मिक स्थल की मर्यादा से खिलवाड़ करने वाले महंत को तत्काल प्रभाव से मंदिर से हटाया जाए। ग्रामीणों ने निर्णय लिया है कि महंत सोमनाथ गिरी को मंदिर प्रबंधन से हटाने का आधिकारिक प्रस्ताव तैयार कर भितरवार एसडीएम को भेजा जाएगा।

बदनाम करने के लिए मिर्ची बाबा के शिष्य ने रची साजिश- महंत 

वहीं, दूसरी ओर मामले में अपना पक्ष रखते हुए महंत सोमनाथ गिरी महाराज का बयान भी सामने आया है। उन्होंने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए इसे खुद को बदनाम करने की गहरी साजिश करार दिया है। महंत का आरोप है कि मिर्ची बाबा के एक शिष्य द्वारा उन्हें और मंदिर की साख को ठेस पहुँचाने के उद्देश्य से यह वीडियो वायरल कर षड्यंत्र रचा गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m