सतीश दुबे, डबरा (ग्वालियर)। मध्य प्रदेश के डबरा शहर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। डबरा शहर के ग्वालियर रोड पर संचालित हो रहे एक स्पा सेंटर में अनैतिक कार्य (सेक्स रैकेट) चलाए जाने की पुख्ता सूचना पर रविवार देर रात पुलिस ने अचानक छापा मारा। इस कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर से दो लड़के और एक नाबालिग लड़की बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया है, जबकि उत्तर प्रदेश की रहने वाली नाबालिग लड़की को महिला पुलिस सुरक्षा के साथ उसके घर के लिए रवाना कर दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, डबरा के ग्वालियर रोड पर ‘कियोरा स्पा’ के नाम से स्पा सेंटर संचालित हो रहा था। सिटी थाना प्रभारी संजय शर्मा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इस स्पा सेंटर की आड़ में अवैध और अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। थाना प्रभारी ने तत्काल इसकी जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी, जिसके बाद निर्देश मिलते ही एसडीओपी सौरभ कुमार और थाना प्रभारी संजय शर्मा भारी पुलिस बल के साथ देर रात मौके पर पहुंच गए।

कमरे के अंदर मिले दो युवक और एक नाबालिग

पुलिस टीम ने जब स्पा सेंटर के अंदर जाकर जांच की, तो वहां हड़कंप मच गया। मौके पर दो युवक और एक किशोरी मौजूद मिले। पूछताछ में पता चला कि मौके पर मिली लड़की नाबालिग है और उत्तर प्रदेश की रहने वाली है। मानव तस्करी और सुरक्षा के गंभीर पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने फौरन मुस्तैदी दिखाई और नाबालिग को महिला पुलिस बल की सुरक्षा में उसके घर भिजवाया।

वहीं, मौके से पकड़े गए दोनों युवकों में से एक कानपुर(यूपी) का रहने वाला बताया जा रहा है, जबकि दूसरा स्थानीय डबरा का निवासी है। पुलिस दोनों युवकों को हिरासत में लेकर थाने ले आई है और उनसे अनैतिक गतिविधियों के संबंध में कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m