सतीश दुबे, डबरा। मध्य प्रदेश के डबरा से धनतेरस के पावन पर्व पर एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आ रही है। जिले के पिछोर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले प्रेमपुरा बड़ी समाध के पास ओवरलोड रेत से भरी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार युवक और एक बच्चे को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
ओवरलोड ट्रैक्टर ने बाइक सवारों को कुचला
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली का चालक वाहन को अत्यधिक तेज रफ्तार और लापरवाही से लहराते हुए चला रहा था। इसी दौरान वह बाइक पर सवार युवक और बच्चे के ऊपर से निकल गया, जिससे दोनों ट्रैक्टर के पहियों के नीचे दब गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद से इलाके में कोहराम मच गया है।
पुलिस के खिलाफ ग्रामीणों में आक्रोश
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए। बेकाबू रेत के अवैध परिवहन और पुलिस की कथित निष्क्रियता को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुँची और स्थिति को नियंत्रण में लेते हुए जाँच शुरू कर दी है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक मृतक युवक और बच्चे की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के इलाकों में छानबीन कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि मृतक कौन थे और कहाँ के रहने वाले थे। शवों को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

