सतीश दुबे, डबरा। मुख्यमंत्री के दतिया दौरे को लेकर रखी गई सुरक्षा व्यवस्था और चेकिंग के दौरान डबरा सिटी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पिछोर तिराहे से एक स्विफ्ट कार में सवार दो शातिर बदमाशों को अवैध हथियारों के जखीरे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़ाए गए बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।

कट्टा, बंदूक और 26 राउंड बरामद

देहात थाना प्रभारी मिर्जा आसिफ बेग ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों युवकों को धर दबोचा। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान आशिक उर्फ गुच्ची खान और भोला खान के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि कार की तलाशी लेने पर एक देशी कट्टा, 2 जिंदा कारतूस, एक 12 बोर की बंदूक और करीब 24 जिंदा राउंड कुल 26 कारतूस जब्त किए हैं।

पुलिस ने बताया कि आरोपी आशिक उर्फ गुच्ची खान पर पहले से ही करीब 4 संगीन अपराध दर्ज हैं। वहीं दूसरा आरोपी भोला खान भी आपराधिक प्रवृत्ति का है। फिलहाल डबरा पुलिस दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर हथियारों के स्रोत और उनकी मंशा को लेकर कड़ाई से पूछताछ कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m