सतीश दुबे, डबरा। डबरा क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं का खौफनाक सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। देहात थाना क्षेत्र के इटायल गांव के पास एक और दिल दहला देने वाला दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार पति-पत्नी और उनकी एक साल की मासूम बच्ची को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में पत्नी की इलाज मिलने से पहले ही मौके पर मौत हो गई जबकि पति की हालत गंभीर बनी हुई है। चमत्कारिक रूप से इस हादसे में एक साल की मासूम बच्ची पूरी तरह सुरक्षित बच गई है।

घर लौट रहा था परिवार, तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नरेश जाटव अपनी पत्नी आरती और एक साल की मासूम बेटी के साथ किसी काम से डबरा आए थे। जब वे वापस लौटकर अपने गांव बरौल जा रहे थे, तभी इटायल गांव के पास मौत बनकर आए तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आरती की अस्पताल पहुंचने से पहले ही तड़प-तड़प कर दर्दनाक मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल नरेश जाटव की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर कर दिया है।

कई ब्लैक स्पॉट जहां होते हैं हादसे

डबरा क्षेत्र NH 44 हाईवे से जुड़ा होने के चलते कई ऐसे ब्लैक स्पॉट है जहां लगातार दुर्घटनाओं के मामले सामने आ रहे हैं और लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ती है। हाल ही में तीन दिन पहले पिछोर रोड पर एक हादसे में एक बाइक पर सवार तीन लोगों को लोडिंग वाहन ने टक्कर मार दी थी, जिसमें दो की मौत हुई थी। इतना ही नहीं उसी दिन सिमरिया टेकरी पर भी अज्ञात वाहन द्वारा बाइक सवार दंपति को टक्कर मारी गई थी, जिसमें पत्नी की मौत हो गई थी।

हादसों से लोगों में डर

लगातार तीन-चार दिनों के भीतर हुए इन हादसों से अब डबरा क्षेत्र के लोग सड़क पर निकलने से भी डरने लगे हैं। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) इन चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स को लेकर कोई ठोस या सुधारात्मक कदम नहीं उठा रहा है, जिसका खामियाजा आए दिन मासूम परिवारों को भुगतना पड़ रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m