कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। एमपी के ग्वालियर-चंबल अंचल में डकैतों की दहशत एक बार फिर लौटती दिखाई दे रही है। 30 हजार रुपये के इनामी फरार डकैत कल्ली गुर्जर पर आरोप है कि आगरा-मुंबई हाईवे पर दिनदहाड़े एक कंटेनर को रोककर ‘टेरर टैक्स’ की मांग की। ड्राइवर के इनकार करने पर डकैत ने अंधाधुंध फायरिंग कर कंटेनर के 12 टायर फोड़ दिए और शीशे भी चकनाचूर कर दिए,वारदात घाटीगांव और मोहना के बीच गांव के पास हुई। पुलिस ने चालक की शिकायत पर कल्ली गुर्जर और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दरअसल, दिल्ली से भोपाल परचून का सामान लेकर जा रहे कंटेनर चालक घनश्याम सिंह गुर्जर और हेल्पर चेतराम तोमर जैसे ही सिरसा गांव पार कर सिंघाईगढ़ा के पास पहुंचे, तभी बिना नंबर की सफेद कार में सवार 30 हजार का इनामी डकैत कल्ली गुर्जर अपने साथियों के साथ पीछे लग गया। डकैतों ने कंटेनर को ओवरटेक कर बीच सड़क पर रोक लिया और हथियार तानकर ड्राइवर से रुपये की मांग की। 

जब चालक ने रुपये देने से मना किया तो डकैत कल्ली गुर्जर ने बंदूक से कंटेनर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। फायरिंग में कंटेनर के 12 टायर फट गए, जबकि सामने का कांच भी टूट गया। वारदात के बाद डकैत जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही घाटीगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

ग्वालियर सीएसपी रोबिन जैन चालक घनश्याम सिंह की शिकायत पर पुलिस ने 30 हजार के इनामी डकैत कल्ली गुर्जर निवासी बरवासिन (मुरैना) और उसके दो अन्य साथियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m