उत्तराखंड के नरेंद्रनगर में मां कुंजापुरी मेले में दलेर मेहंदी की प्रस्तुति को लेकर विवाद के बीच मीका सिंह ने मंत्री सुबोध उनियाल से बातचीत की. मीका ने अपने भाई पर शराब पीकर गाने के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि आरोप साबित होने पर वह गायन छोड़ देंगे.

देहरादून. नरेंद्रनगर में मां कुंजापुरी मेले के दौरान पंजाबी गायक दलेर मेहंदी की प्रस्तुति को लेकर शुरू हुआ विवाद अब संगीत और मनोरंजन जगत तक पहुंच गया है. इस मामले में गायक मीका सिंह ने मंगलवार को उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल से बातचीत की. मीका ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर अपने बड़े भाई दलेर मेहंदी का बचाव किया और कहा कि उनके शराब पीने के आरोप साबित हुए तो वह गाना छोड़ देंगे.

विवाद उस समय सामने आया, जब मंत्री सुबोध उनियाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. वीडियो में वह दलेर मेहंदी की मंच पर प्रस्तुति को लेकर नाराजगी जताते नजर आ रहे हैं. मंत्री ने गायक के प्रदर्शन पर सवाल उठाए थे.

मीका सिंह ने क्या कहा

मीका सिंह ने इंस्टाग्राम पर साझा किए गए वीडियो में कहा कि उन्होंने दलेर मेहंदी को लेकर ऐसी खबरें देखी हैं, जिनमें दावा किया जा रहा है कि वह प्रस्तुति के दौरान नशे में थे और ठीक से गाना नहीं गा पा रहे थे. मीका ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यदि कोई यह साबित कर दे कि 59 वर्षीय दलेर मेहंदी ने कभी शराब पी है, तो वह संगीत छोड़ देंगे.

उन्होंने सवाल उठाया कि क्या किसी ने दलेर मेहंदी को कभी शराब का गिलास पकड़े देखा है या उनकी जन्मदिन की पार्टियों में शराब परोसे जाते देखी है. मीका ने स्पष्ट किया कि वह अपने बड़े भाई के बारे में बात कर रहे हैं, न कि अपने बारे में.

मीका के अनुसार, यदि उस दिन दलेर मेहंदी ठीक से गा नहीं पा रहे थे, तो इसकी वजह उनकी तबीयत खराब होना भी हो सकती है. उन्होंने बताया कि उनके भाई पिछले दो वर्षों से अस्वस्थ हैं और हाल ही में उनकी बड़ी सर्जरी हुई है.

मंत्री से हुई बातचीत

मिली जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को मीका सिंह और सुबोध उनियाल के बीच हुई बातचीत में मंच पर हुए घटनाक्रम का जिक्र हुआ. इस दौरान मंत्री ने मीका से भी मंच की मर्यादा बनाए रखने की आवश्यकता पर बात की.

सुबोध उनियाल उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री होने के साथ नरेंद्रनगर के विधायक भी हैं. उन्होंने मां कुंजापुरी मेले में दलेर मेहंदी की प्रस्तुति पर आपत्ति जताई थी. मंत्री का आरोप था कि गायक मंच पर असहज दिखाई दे रहे थे और गाने के बजाय लिप-सिंक कर रहे थे.

35 लाख रुपये की फीस पर सवाल

मंत्री के मुताबिक, मेले में प्रस्तुति देने के लिए दलेर मेहंदी को 35 लाख रुपये दिए गए थे. उन्होंने गायक के प्रदर्शन पर नाराजगी जताई थी. हालांकि, उनके नशे में होने के आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.

दलेर मेहंदी के मंच पर लड़खड़ाने और लिप-सिंक करने को लेकर उठे सवालों के बाद उनके समर्थन में कई कलाकार सामने आए. मीका सिंह के अलावा रैपर बादशाह, कॉमेडियन कपिल शर्मा, अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और गायिका हर्षदीप कौर ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी.

बादशाह और कपिल शर्मा ने किया समर्थन

रैपर बादशाह ने कहा कि किसी कलाकार के प्रदर्शन को लेकर निराशा हो सकती है, लेकिन उसे सार्वजनिक रूप से अपमानित करना दुखद है. उन्होंने दलेर मेहंदी के संगीत में योगदान और उनके लंबे करियर का सम्मान किए जाने की बात कही.

कॉमेडियन कपिल शर्मा ने भी दलेर मेहंदी के समर्थन में प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि गायक की गंभीर सर्जरी के बारे में बहुत से लोगों को जानकारी नहीं है. कपिल ने दूसरों के प्रति संवेदनशीलता बरतने की अपील करते हुए कहा कि किसी को नहीं पता होता कि दूसरा व्यक्ति किस परिस्थिति से गुजर रहा है.

गायिका हर्षदीप कौर ने दलेर मेहंदी को दिग्गज कलाकार बताते हुए कहा कि संभव है कि उस दिन उनकी तबीयत ठीक न रही हो. शिल्पा शेट्टी सहित मनोरंजन जगत की अन्य हस्तियों ने भी उनके समर्थन में आवाज उठाई.