बी.डी शर्मा, Damoh. बदलते डिजिटल युग में जहां एक तरफ तकनीक ने हमारी जिंदगी को आसान बनाया है, वहीं दूसरी तरफ ऑनलाइन धोखाधड़ी और साइबर अपराधों (Cyber Crime) का ग्राफ भी तेजी से बढ़ा है। आमजन को इन अदृश्य खतरों से सुरक्षित रखने और डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दमोह पुलिस द्वारा सराहनीय पहल गी गई है। दमोह के ऐतिहासिक तहसील ग्राउंड से पुलिस विभाग द्वारा ‘सेफ क्लिक 2.0’ साइबर जागरूकता मैराथन का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें शहर के हजारों युवाओं और नागरिको ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
दिग्गजों ने दिखाई हरी झंडी, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार का दिया संदेश
तहसील ग्राउंड से शुरू हुई इस विशेष जन-जागरूकता मैराथन को सांसद राहुल सिंह लोधी, विधायक जयंत कुमार मलैया, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे और पुलिस अधीक्षक (SP) आनंद कलादगि ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाने के साथ-साथ खुद भी धावकों का उत्साहवर्धन किया और समाज में इस तरह के अभियानों की आवश्यकता पर बल दिया।
फिशिंग और सोशल मीडिया के खतरों से बचने की अपील
दमोह पुलिस द्वारा आयोजित ‘सेफ क्लिक 2.0’ मैराथन का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को विभिन्न प्रकार के साइबर फ्रॉड के प्रति सचेत करना था। इस दौड़ के माध्यम से मुख्य रूप से निम्नलिखित बिंदुओं पर ध्यान केंद्रित किया गया।
ऑनलाइन ठगी और फिशिंग (Phishing): फर्जी लिंक, लॉटरी के झांसे और बैंक अधिकारी बनकर आने वाले फर्जी कॉल से कैसे बचें।
सोशल मीडिया के खतरे: फेसबुक, इंस्टाग्राम और वॉट्सऐप जैसे प्लेटफॉर्म पर अपनी निजी जानकारी को सुरक्षित रखने और ब्लैकमेलिंग से बचने के तरीके।
सुरक्षित डिजिटल व्यवहार: बिना सोचे-समझे किसी भी लिंक पर ‘क्लिक’ न करने (Safe Click) और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की उपयोगिता को समझाया गया।
सुरक्षा व्यवस्था पर पुलिस का विशेष जोर
मैराथन के समापन पर पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि ने बताया कि वर्तमान में साइबर अपराधी नए-नए तरीकों से भोले-भाले लोगों को अपनी ठगी का शिकार बना रहे हैं। इससे बचने का एकमात्र प्रभावी उपाय ‘सतर्कता और जागरूकता’ ही है। ‘सेफ क्लिक 2.0’ के माध्यम से पुलिस सीधे जनता के बीच पहुंचकर उन्हें डिजिटल रूप से मजबूत बनाना चाहती है। इस आयोजन की शहर भर में काफी सराहना हो रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

