पटना। दानापुर रेल मंडल के बख्तियारपुर जंक्शन पर यात्रियों के साथ अमानवीय व्यवहार और मारपीट करने का एक गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन हरकत में आया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए दानापुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अभिनव सिद्धार्थ ने आरोपी टीटीई (TTE) कुंदन कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच और कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। यह पूरी घटना 18 जुलाई 2026 की बताई जा रही है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था मारपीट का वीडियो
सामने आए वीडियो में आरोपी टीटीई कुंदन कुमार रेलवे ट्रैक के पास एक व्यक्ति को बेरहमी से लात-घूंसों से पीटते हुए साफ नजर आ रहे हैं। वीडियो में टीटीई की यह दबंगई यहीं नहीं रुकती, बल्कि वह एक अन्य यात्री का कॉलर पकड़कर उसे घसीटते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। इस अमानवीय कृत्य का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यात्रियों और आम जनता में भारी आक्रोश देखने को मिला।
पैसे वसूली का भी लगाया गया गंभीर आरोप
फेसबुक पर कमलेश यादव नामक एक यूजर ने 18 जुलाई 2026 को इस पूरी घटना का जिक्र करते हुए एक पोस्ट शेयर की थी। यूजर ने आरोपी टीटीई पर न केवल मारपीट करने का, बल्कि यात्रियों से अवैध रूप से पैसे वसूलने का भी गंभीर आरोप लगाया था। इस वायरल पोस्ट में रेल मंत्री, महाप्रबंधक (GM) और मंडल रेल प्रबंधक (DRM) को टैग करते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच करने और कड़ी कार्रवाई की अपील की गई थी।
रेलवे प्रशासन की कड़ी चेतावनी: शारीरिक हिंसा अस्वीकार्य
घटना के तूल पकड़ने के बाद रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि इस तरह का गैर-जिम्मेदाराना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अभिनव सिद्धार्थ ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि भारतीय रेलवे में अनुशासन और यात्रियों के साथ शालीन तथा उचित व्यवहार सर्वोपरि है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई यात्री बिना टिकट यात्रा कर रहा है, तो रेलवे नियमों के तहत उसके खिलाफ नियमानुसार जुर्माना लगाने या विधिक कार्रवाई करने का पूरा अधिकार है, लेकिन किसी भी परिस्थिति में यात्रियों के साथ शारीरिक हिंसा या मारपीट करना पूरी तरह से अस्वीकार्य है। निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए ही आरोपी टीटीई को निलंबित किया गया है।


