परवेज खान, शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कृषि उपज मंडी के पास एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने स्कूटी सवार युवक को बेरहमी से कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और पिपरसमा ग्राम के ग्रामीणों ने मंडी का मुख्य गेट बंद कर चक्काजाम कर दिया।
ग्रामीणों का आरोप
ग्रामीणों ने मंडी प्रबंधन पर आरोप लगाते हुए बताया कि क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर कोई ठोस प्रबंध नहीं किए गए हैं। जिसके कारण ऐसे हादसे होते रहते हैं। इधर हादसे के बाद ग्रामीणों को उग्र होता देख मंडी अधिकारी, कर्मचारी और वहां मौजूद व्यापारी अपनी जान बचाकर मौके से भाग खड़े हुए। जिसके बाद मंडी का काम पूरी तरह ठप हो गया।
वहीं घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस बल ने मौके पर पहुंच शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

