कुंदन कुमार, पटना। वैसे तो भारत को विविधता में एकता का देश कहा जाता है। हालांकि राजधानी पटना से एक ऐसा शर्मनाक मामला सामने आया है, जिसने पूरे बिहार की संस्कृति को बदनाम करने का काम किया है। दरअसल पूरा मामला बीते 2 अप्रैल का बताया जा रहा है, जब अरुणाचल प्रदेश से पटना में परफॉर्मेंस देने आई एक डांस टीम को शहर के एक अस्पताल में न केवल अपमानित किया गया, बल्कि उन्हें सार्वजनिक वॉशरूम इस्तेमाल करने से भी रोक दिया गया।
भारतीय होने का मांगा सबूत
बताया जा रहा है कि, जब यह टीम सिर्फ वॉशरूम इस्तेमाल करने के लिए पटना के एक अस्पताल में गई, तो अस्पताल की एक अटेंडेंट ने उन्हें शौचालय इस्तेमाल करने से रोक दिया और भारतीय होने का सबूत मांगने लगी। आरोप है कि जब टीम की महिलाओं ने इसका विरोध किया, तो स्थिति और भी अपमानजनक हो गई। आरोप है कि अटेंडेंट ने उन्हें चिंकी, चाइनीज और मोमो जैसे आपत्तिजनक शब्दों से संबोधित किया।
पीड़ित महिलाओं ने कहा- लगता है डर
सबसे दुखद बात यह रही कि यह सब हंसी-मज़ाक के लहजे में कहा गया और इस तरह की शब्दों का इस्तेमाल करने वाली अटेंडेंट भी एक महिला है। इस दौरान पीड़ित महिलाओं में से एक ने कहा कि, हम नॉर्थ-ईस्ट से यहां घूमने आते हैं, लेकिन ऐसे लोगों के कारण हम लोग यहां घूमने से डरते हैं।
पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया
घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लेकर लोगों में काफी गुस्से का माहौल है। लोग बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और अरुणाचल के सीएम पेमा खांडू से इस मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। नागालैंड और अरुणाचल प्रदेश पुलिस ने भी इस मामले के संज्ञान में आने के बाद बिहार पुलिस से संपर्क साधा है। ऐसे में अब देखने वाली बात यह होगी की इस मामले में पुलिस आगे क्या एक्शन लेती है।
ये भी पढ़ें- सफर के बीच गूंजी किलकारी: ट्रेन से उतरते ही गर्भवती को हुई प्रसव पीड़ा, महिला सिपाही ने कराई सफल डिलीवरी
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

