गुरुग्राम: दिल्ली से सटे गुरुग्राम (Gurugram) में शनिवार की देर रात एक रिहायशी सोसाइटी में शराब के नशे में हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। सेक्टर-92 स्थित सारे होम्स सोसाइटी (Sare Homes Society Sector 92 Gurugram) में तीन युवकों ने जमकर हुड़दंग मचाया। उन्होंने फॉर्च्यूनर कार के दरवाजे खोलकर तेज म्यूजिक बजाया और बोनट पर चढ़कर डांस करने लगे। जब सोसाइटी के सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो दबंगों ने गार्ड्स के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस पूरे बवाल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है।
फ्लैट में दारू पार्टी के बाद नीचे कैंपस में काटा बवाल
मिली जानकारी के मुताबिक, सारे होम्स सोसाइटी में रहने वाले एक किराएदार के घर उसके दो दोस्त आए थे। ये दोनों दोस्त गढ़ी हरसरू इलाके के रहने वाले हैं और पेशे से प्रॉपर्टी डीलर (property dealers in Gurugram) बताए जा रहे हैं। शनिवार रात तीनों ने पहले फ्लैट के अंदर बैठकर जमकर शराब पी। इसके बाद आधी रात को ये तीनों सोसाइटी के कॉमन एरिया में नीचे उतर आए। उन्होंने अपनी फॉर्च्यूनर कार के सारे दरवाजे खोल दिए और तेज आवाज में हरियाणवीं गाने बजाने लगे। इसी बीच एक युवक कार के बोनट पर चढ़ गया और नाचने लगा।
पुलिस का नंबर आता रहा बिजी, वीडियो वायरल होने पर हिली पुलिस
सोसाइटी के आरडब्ल्यूए (RWA) अध्यक्ष प्रवीण मलिक ने बताया कि रात के समय इतना शोर-शराबा देखकर रेजिडेंट्स डर गए। जब सिक्योरिटी गार्ड्स ने युवकों को समझाने और वापस फ्लैट में जाने को कहा, तो वे भड़क गए। युवकों ने सुरक्षाकर्मियों को गंदी-गंदी गालियां दीं और उनके साथ मारपीट की। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष के अनुसार, हंगामे के वक्त उन्होंने पुलिस इमरजेंसी नंबर 112 (Gurugram Police helpline) पर कई बार कॉल किया, लेकिन काफी देर तक नंबर बिजी आता रहा। बाद में जब इस गुंडागर्दी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल (viral video Gurugram) हुआ, तब जाकर पुलिस हरकत में आई।
पुलिस ने गाड़ियां कीं जब्त, RWA ने किराएदार को दिया 2 दिन का अल्टीमेटम
सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा भड़कने के बाद गुरुग्राम पुलिस (Gurugram Police action) ने तुरंत कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनकी फॉर्च्यूनर समेत दो गाड़ियों को इंपाउंड (cars impounded) कर लिया है। फिलहाल तीनों से पूछताछ जारी है।
दूसरी तरफ, सारे होम्स सोसाइटी की आरडब्ल्यूए ने भी इस हुड़दंगबाजी पर बेहद सख्त कदम उठाया है। आरडब्ल्यूए ने बाहरी उपद्रवियों को घर पर बुलाने वाले किराएदार को अगले 2 दिन के भीतर फ्लैट खाली करने का अल्टीमेटम (ultimatum to tenant) दे दिया है। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष ने साफ किया कि इस किराएदार की हरकतों की वजह से उसे पहले भी नोटिस दिया जा चुका था, लेकिन इस बार की घटना के बाद उसे सोसाइटी में रहने की इजाजत बिल्कुल नहीं दी जाएगी।

