कर्ण मिश्रा, ग्वालियर/ भिंड। पवनपुत्र हनुमान के कई चमत्कारी मंदिर भारत देश में हैं लेकिन मध्यप्रदेश के भिंड जिले में स्थित दंदरौआ धाम का इतिहास और चमत्कार सबसे अनोखा है। यह देश का एकमात्र ऐसा धाम है, जहां हनुमान जी को “डॉक्टर हनुमान” के रूप में पूजा जाता है। सदियों से चली आ रही इस अटूट आस्था और यहां होने वाले दिव्य चमत्कारों को देखते हुए अब इस मंदिर को ‘वर्ल्ड रिकॉर्ड इंडिया’ ने एक विशेष सम्मान से नवाजा है। ग्वालियर में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान वर्ल्ड रिकॉर्ड इंडिया की टीम ने दंदरौआ धाम के महंत रामदास महाराज को बकायदा सर्टिफिकेट और ट्रॉफी भेंट कर सम्मानित किया।

इतिहास और अनोखा स्वरूप: जब ‘सखी’ और ‘डॉक्टर’ बने हनुमान

दंदरौआ धाम का इतिहास सदियों पुराना है। यहां हनुमान जी की जो प्रतिमा स्थापित है, वह अपने आप में दुर्लभ है। मंदिर में बजरंगबली ‘डॉक्टर’ और ‘सखी’ स्वरूप में नृत्य की मुद्रा में विराजमान हैं। कहा जाता है कि इस विग्रह का इतिहास और यहां के चमत्कार लोगों को आश्चर्य से भर देता है। मान्यता है कि यहां आने वाले भक्त अपनी शारीरिक और मानसिक परेशानियां कागज़ की एक पर्ची पर लिखकर भगवान के चरणों में ‘अर्जी’ के रूप में अर्पित करते हैं और ‘दंदरौआ सरकार’ (डॉक्टर हनुमान) उनकी बीमारी को ठीक कर देते हैं।

5 परिक्रमा का चमत्कारिक नियम

इस धाम की सबसे बड़ी महिमा यहां की ‘पांच परिक्रमा’ है। सदियों से भक्तों का अटूट विश्वास है कि मंदिर परिसर की सिर्फ पांच परिक्रमा लगाने और यहां का विशेष प्रसाद ग्रहण करने से असाध्य रोगों और मानसिक कष्टों से मुक्ति मिल जाती है। यही कारण है कि हर मंगलवार और शनिवार को यहां न केवल मध्यप्रदेश, बल्कि उत्तर प्रदेश, राजस्थान और देशभर से लाखों की संख्या में श्रद्धालु अपनी बीमारियों से मुक्ति की आस लेकर पहुंचते हैं।

जहां श्रद्धा ही बन जाती है सबसे बड़ी औषधि

वर्ल्ड रिकॉर्ड इंडिया के CEO पवन सोलंकी ने इस धाम के आध्यात्मिक महत्व को अद्भुत बताते हुए कहा कि दंदरौआ धाम एक ऐसा अलौकिक आस्था का केंद्र है, जहां श्रद्धा ही औषधि का रूप ले लेती है और भक्तों का अटल विश्वास ही उन्हें अच्छी सेहत प्रदान करता है।

सम्मान ग्रहण करने के बाद धाम के महंत रामदास महाराज ने भावुक होते हुए कहा कि यह सम्मान किसी व्यक्ति का नहीं बल्कि दंदरौआ सरकार के प्रति करोड़ों श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और विश्वास का सम्मान है। बजरंगबली की कृपा से यहां आने वाले हर दुखी मन को शांति और निरोगी काया मिलती है।

‘हनुमान लोक’ के रूप में गढ़ा जा रहा है नया इतिहास

इस ऐतिहासिक और पौराणिक स्थल की बढ़ती प्रसिद्धि को देखते हुए मध्यप्रदेश सरकार अब दंदरौआ धाम को भव्य ‘हनुमान लोक’ के रूप में विकसित कर रही है। सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के बाद यह धाम आने वाले समय में देश के सबसे बड़े धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्रों में से एक बनकर उभरेगा। डॉक्टर हनुमान के दरबार में हर दिन बढ़ती भक्तों की यह भीड़ इस बात का जीवंत प्रमाण है कि विज्ञान के इस दौर में भी ईश्वर के प्रति अटूट विश्वास ही सबसे बड़ी शक्ति है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m