सुदीप उपाध्याय, बलरामपुर। सोशल मीडिया पर अपनी धाक जमाने के लिए लोग अपनी जान की परवाह किए बिना जोखिम उठाकर खतरनाक वीडियो बनाते हैं। ऐसा ही एक वीडियो छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से सामने आया है, जिसमें एक फोरव्हीलर में सवार युवक चलती गाड़ी से स्टंटबाजी करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में युवक कार की खिड़कियां खोलकर बाहर लटके हुए दिखाई दे रहे हैं, वहीं सनरूफ से बाहर निकलकर भी स्टंट करते नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो में “सदियों पुराना यारों अपना याराना है” गाना भी बज रहा है।

नेशनल हाईवे पर किया गया स्टंट
यह वीडियो 19 सितंबर का बताया जा रहा है। वीडियो में तेज रफ्तार XUV 700 में सवार युवक गाड़ी के चारों दरवाजे खोलकर बाहर लटकते हुए नजर आ रहे हैं। वहीं एक युवक सनरूफ से बाहर निकलकर भी खतरनाक स्टंट करता दिखाई दे रहा है। इस दौरान सड़क पर चल रहे अन्य वाहनों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती थी। युवकों ने यह स्टंट NH-343 पर किया। चलती सड़क पर इस तरह स्टंटबाजी से न केवल वाहन में सवार लोगों की जान जोखिम में पड़ती है, बल्कि दूसरे वाहन चालकों के लिए भी दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।

वायरल वीडियो पर पुलिस ने की कार्रवाई
स्टंटबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद बलरामपुर कोतवाली पुलिस हरकत में आई। मामले की जांच शुरू करते हुए वाहन की पहचान की गई और चालक सुनील गुप्ता समेत पांच युवकों के खिलाफ FIR दर्ज किया गया।
वहीं पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 281 और मोटर यान अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस द्वारा वाहन और उसमें सवार युवकों के संबंध में आगे की जांच की जा रही है।
देखिये वायरल वीडियो-
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


