गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में सोशल मीडिया पर रील बनाने के लिए ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने का एक और बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। शहर के हाई-प्रोफाइल इलाके सेक्टर-60 में एक युवक ने काले रंग की महिंद्रा थार (Mahindra Thar) गाड़ी से बीच सड़क पर जमकर उत्पात मचाया और जानलेवा स्टंट किए। आरोपी ड्राइवर ने न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन किया, बल्कि खुद ही इस खतरनाक स्टंट का वीडियो (Stunt Video) बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।

चलती कार का दरवाजा खोलकर पैर बाहर निकाला
यह पूरा मामला सेक्टर-60 स्थित लैमन ट्री होटल के ठीक सामने वाली मुख्य सड़क का है। वायरल वीडियो (Viral Video) में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि आरोपी युवक काले रंग की थार को काफी तेज रफ्तार में दौड़ा रहा है। स्टंट की हद पार करते हुए ड्राइवर ने चलती गाड़ी का अचानक आगे का दरवाजा खोल दिया। इसके बाद वह अपना एक पैर गाड़ी के पायदान पर और दूसरा पैर खुले हुए दरवाजे पर रखकर बेहद लापरवाही से गाड़ी चलाने लगा।
जिगजैग ड्राइविंग और सीट बेल्ट भी गायब
वीडियो में यह भी दिखाई दे रहा है कि थार के अंदर बेहद तेज आवाज में म्यूजिक बज रहा है। गानों की धुन पर ड्राइवर सड़क पर सामान्य रूप से चलने के बजाय गाड़ी को टेढ़े-मेढ़े (Zig-Zag) तरीके से दौड़ा रहा है। रफ्तार और लापरवाही का आलम यह था कि आरोपी ने सुरक्षा के प्राथमिक नियम यानी सीट बेल्ट (Seat Belt) तक नहीं बांधी थी। जिस वक्त यह स्टंट किया जा रहा था, उस दौरान सड़क पर अन्य गाड़ियां और राहगीर भी गुजर रहे थे। आरोपी की इस हरकत से वहां कभी भी कोई बड़ा और दर्दनाक हादसा हो सकता था।
सोशल मीडिया पर पुलिस से कार्रवाई की मांग
वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही यूजर्स ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। लोगों का कहना है कि चंद लाइक्स और फॉलोअर्स बटोरने के चक्कर में युवा अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डाल रहे हैं। स्थानीय निवासियों और नेटिजन्स ने गुरुग्राम पुलिस (Gurugram Police) को इस वीडियो में टैग करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने और गाड़ी का भारी-भरकम ऑनलाइन चालान (Challan) काटने की मांग की है।

